पालघर ज़िले में नगर परिषद चुनाव के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को दहानू और पालघर में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिले को बेहतर सुविधाओं वाला मॉडल मुख्यालय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
फडणवीस ने बताया कि वाढवण पोर्ट के निर्माण से करीब 10 लाख नई नौकरियां पैदा होंगी और स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पालघर में तेज़ी से चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स इसे “चौथी मुंबई” बनाने की दिशा में ले जा रहे हैं।
वाढवण पोर्ट से 10 लाख नौकरियों का वादा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाढवण बंदरगाह प्रोजेक्ट पालघर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर रोजगार देगा।
इसके लिए स्थानीय मछुआरों और युवाओं को स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि वे भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार हों।
देवा भाऊ के रहते लाडली बहन योजना बंद नहीं होगी
फडणवीस ने मंच से महिलाओं को आश्वस्त किया कि लाडली बहन योजना किसी भी हालत में बंद नहीं होगी।
उन्होंने कहा—
“जब तक देवा भाऊ है, तब तक लाडली बहन योजना बंद नहीं होगी। हम लाडली बहनों को अब लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”
नगर परिषद चुनाव: भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार
दहानू में भाजपा उम्मीदवार भरत राजपूत और बाद में पालघर में कैलाश म्हात्रे के समर्थन में जनसभाएं आयोजित की गईं।
फडणवीस ने कहा कि नगर परिषद की कुर्सी सत्ता के लिए नहीं, बल्कि शहर के विकास के लिए चाहिए।
उन्होंने कहा कि पालघर के विकास की बड़ी योजनाओं को लागू करने के लिए एक सक्षम नगराध्यक्ष की जरूरत है, जो कैलाश म्हात्रे के रूप में मिल सकते हैं और प्रधानमंत्री के विकास ब्लूप्रिंट को जनता तक पहुंचा सकते हैं।

