S. Joseph Vijay उर्फ थलापति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद संभालने के कुछ ही दिनों बाद बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य में धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड के 500 मीटर के दायरे में चल रही शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है।
सरकार की जांच में ऐसी कुल 717 शराब दुकानों की पहचान हुई है, जिन्हें अगले दो हफ्तों के भीतर बंद किया जाएगा।
जांच में सामने आईं नियम तोड़ने वाली दुकानें
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, Tamil Nadu State Chamber of Commerce and Industry राज्यभर में 4,765 रिटेल शराब दुकानों का संचालन कर रहा है।
मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि पूजा स्थलों, स्कूल-कॉलेजों और बस स्टैंड के आसपास स्थित शराब दुकानों की जांच की जाए। जांच के बाद 717 ऐसी दुकानें मिलीं जो तय नियमों का उल्लंघन कर रही थीं।
स्कूलों और मंदिरों के पास चल रही थीं सैकड़ों दुकानें
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक:
- धार्मिक स्थलों के पास 276 दुकानें
- शिक्षण संस्थानों के पास 186 दुकानें
- बस स्टैंड के पास 255 दुकानें
संचालित पाई गईं। सरकार ने जनहित और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए इन सभी दुकानों को बंद करने का फैसला लिया है।
दो हफ्तों के भीतर बंद होंगी दुकानें
मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी चिन्हित शराब दुकानों को अगले 14 दिनों के भीतर बंद करना अनिवार्य होगा। प्रशासन को आदेश के पालन की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य की आर्थिक स्थिति पर आ सकता है श्वेत पत्र
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री थलापति विजय जल्द ही तमिलनाडु की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र भी ला सकते हैं। माना जा रहा है कि नई सरकार राज्य की वित्तीय व्यवस्था और राजस्व मॉडल को लेकर बड़े फैसले लेने की तैयारी में है।
शराब नीति पर सख्त रुख से बड़ा संदेश
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री विजय का यह कदम सामाजिक मुद्दों को प्राथमिकता देने और जनता के बीच सकारात्मक संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर स्कूलों और धार्मिक स्थलों के पास शराब बिक्री को लेकर लंबे समय से विरोध होता रहा है।

