मुंबई में बीएमसी चुनाव की तैयारियां तेज़:
ठाकरे बंधुओं के संभावित गठबंधन और मनसे के बीच बीएमसी सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ती जा रही है। शिवसेना (यूबीटी) 65-70 सीटें मनसे को देने का प्रस्ताव रख रही है, जबकि मनसे नेताओं की ओर से इस पर असहमति जताई गई है।
🕵️♂️ संजय राऊत ने मनसे से की मुलाकात
ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत ने शनिवार को मनसे प्रमुख राज ठाकरे से दादर स्थित आवास पर मुलाकात कर मामले को सुलझाने की कोशिश की। बैठक में अनिल परब, वरुण सरदेसाई, सूरज चव्हाण, मनसे नेता आला नांदगांवकर और नितिन सरदेसाई भी मौजूद थे।
🏘️ मराठी बाहुल्य क्षेत्रों में सीटों पर अटका गठबंधन
माहिम, शिवड़ी, भायखला, लालबाग, कालाचौकी, वलीं, परेल, दादर, विक्रोली और भांडूप जैसी मराठी भाषी सीटों पर सीट शेयरिंग का मुद्दा फंसा हुआ है। दोनों दल मराठा-मुस्लिम फार्मूले पर भी बातचीत कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, ठाकरे गुट बीएमसी की 227 सीटों में 65-70 सीटें मनसे को देना चाहता है, जबकि शेष सीटें अपने पास रखना चाहती है। अगर शरद पवार की राकां साथ आती है, तो शिवसेना अपने हिस्से से उन्हें 20 सीटें दे सकती है।
🚀 राज ठाकरे का मिशन बीएमसी
ठाकरे बंधुओं के गठबंधन की आधिकारिक घोषणा से पहले राज ठाकरे ने मिशन बीएमसी शुरू कर दिया है। वे मुंबई शहर और उपनगरों की विभिन्न पार्टी शाखाओं का दौरा कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं।
शनिवार को राज ठाकरे ने भांडुप वेस्ट में शाखा नंबर 109 का उद्घाटन किया। उन्होंने भांडुप, गोवंडी, मानखुर्द, कुर्ला, भायखला और ताड़देव में कुल सात शाखाओं के कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
मनसे ने बीएमसी चुनाव में लोगों तक पहुंचने और पार्टी की शाखाएं बढ़ाने का अभियान तेज़ कर दिया है। रविवार को भी राज ठाकरे विभिन्न शाखाओं में जाकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

