भारतीय क्रिकेट के इतिहास में गुरुवार का दिन खास बन गया, जब वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 साल 294 दिन की उम्र में अंडर-19 वर्ल्ड कप में डेब्यू कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय मूल के नीतीश कुमार का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 15 साल 245 दिन की उम्र में कनाडा के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप खेला था।
डेब्यू मैच में बल्ले से नहीं चला जादू, लेकिन जीत गई टीम इंडिया
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भारत और यूएसए की टीमें क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में आमने-सामने थीं। वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में 4 गेंदों का सामना किया और 2 रन बनाकर आउट हो गए। भले ही वह बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया।
बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को भारत ने डकवर्थ-लुइस नियम के तहत 6 विकेट से जीत लिया और टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया।
USA की पारी 107 रन पर सिमटी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएसए की टीम 35.2 ओवरों में 107 रन पर ऑलआउट हो गई।
- नीतीश सुदिनी: 36 रन (52 गेंद, 4 चौके)
- अदनित झांब: 18 रन
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। हेनिल पटेल ने 5 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
भारत ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
बारिश के चलते भारत को 37 ओवरों में 96 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम इंडिया ने 17.2 ओवरों में हासिल कर लिया।
भारत की ओर से:
- अभिज्ञान कुंडू: नाबाद 42 रन (41 गेंद)
- कप्तान आयुष म्हात्रे: 19 रन
- विहान मल्होत्रा: 18 रन
- कनिष्क चौहान: नाबाद 10 रन
यूएसए की तरफ से ऋत्विक अप्पिडी ने 2 विकेट लिए, जबकि ऋषभ सिंपी और उत्कर्ष श्रीवास्तव को 1-1 सफलता मिली।
बांग्लादेश से अगला मुकाबला
भारतीय अंडर-19 टीम अब 17 जनवरी को ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश से भिड़ेगी। यह मैच भी बुलावायो के इसी मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद 24 जनवरी को टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

