प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों के तहत लगातार तोड़फोड़ की जा रही है। इसको लेकर मणिकर्णिका घाट का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर काशी की प्राचीन विरासत को बर्बाद किया जा रहा है।
अजय राय ने बताए– वाराणसी में क्या-क्या तोड़ा गया
अजय राय ने कहा—
“देश और वाराणसी की विरासत को योगी-मोदी सरकार पूरी तरह ध्वस्त कर रही है। बाबा विश्वनाथ के दरबार में कॉरिडोर के नाम पर मॉल बना दिया गया। इसे बनाने के लिए हजारों साल पुराने सैकड़ों मंदिर तोड़ दिए गए और अक्षय वट वृक्ष को काट दिया गया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मौजूद सैकड़ों साल पुराने तीन अक्षय वट वृक्षों में से काशी का वृक्ष पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
बाबा विश्वनाथ से जुड़ा था अक्षय वट वृक्ष
अजय राय ने बताया कि—
- एक प्राचीन वट वृक्ष बोधगया में है, जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ
- दूसरा प्रयागराज के संगम क्षेत्र में है
- तीसरा वट वृक्ष काशी में था, जिसे कथित तौर पर काट दिया गया
राय के अनुसार, काशी के अक्षय वट के बारे में मान्यता थी कि वह उस स्थान पर तब से मौजूद था, जब बाबा विश्वनाथ माता पार्वती के साथ धरती पर आए थे। इसे गुजरात के ठेकेदारों द्वारा खत्म कर दिया गया।
“मणिकर्णिका घाट को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया”
अजय राय ने आरोप लगाया कि—
- बाबा विश्वनाथ के गुरु मुक्तेश्वर महाराज का मंदिर तोड़ दिया गया
- कसौटी पत्थर पर बना लक्ष्मीनारायण मंदिर गिरा दिया गया
- 2023 में उद्घाटित मणिकर्णिका घाट का सौंदर्यीकरण पूरी तरह बर्बाद हो गया
उन्होंने कहा कि—
“माता अहिल्याबाई होलकर ने 1771 में मणिकर्णिका घाट का जीर्णोद्धार कराया था। उनकी मूर्ति और वहां स्थापित शिवलिंग को भी हटा दिया गया है।”
सियासी घमासान तेज
मणिकर्णिका घाट और बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। अब सभी की नजरें सरकार की सफाई और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

