ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर हाल ही में रिलीज हुई तमिल फिल्म With Love इन दिनों ट्रेंड कर रही है। IMDb पर 7.7 रेटिंग पाने वाली यह फिल्म दर्शकों को उनके स्कूल के दिनों की यादों में ले जाती है। फिल्म की कहानी, इमोशन और नॉस्टैल्जिया इसे एक सुकून देने वाला अनुभव बनाते हैं।
स्कूल लव स्टोरी पर आधारित है फिल्म
फिल्म की कहानी दो मुख्य किरदार मोनिषा और सत्या के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी की शुरुआत सत्या से होती है, जिसकी शादी के लिए रिश्ता ढूंढा जा रहा होता है। एक रेस्टोरेंट में उसकी मुलाकात एक लड़की से होती है, जो बताती है कि वह किसी और से प्यार करती है।
तभी वहां मोनिषा की एंट्री होती है, जो असल में वही लड़की होती है जिससे सत्या की मुलाकात तय हुई थी। बातचीत के दौरान मोनिषा, सत्या से उसकी लव स्टोरी के बारे में पूछती है और यहीं से कहानी एक दिलचस्प मोड़ लेती है।
फ्लैशबैक में दिखती है स्कूल की यादें
सत्या बताता है कि स्कूल के दिनों में वह अनिषा नाम की लड़की से प्यार करता था। बातचीत के दौरान मोनिषा को याद आता है कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। इसके बाद कहानी फ्लैशबैक में जाती है, जहां दोनों अपने-अपने नजरिए से वही घटनाएं बताते हैं, जिनमें वे एक ही समय पर एक ही जगह मौजूद थे, लेकिन एक-दूसरे को जानते नहीं थे।
दोस्ती और प्यार में मिला धोखा
फिल्म में एक अहम मोड़ तब आता है जब सत्या अपनी दोस्त की मदद से अनिषा को प्रपोज करने की सोचता है, लेकिन उसे पता चलता है कि उसका ही दोस्त अनिषा के साथ रिलेशनशिप में है। यह सीन फिल्म को इमोशनल बना देता है और दर्शकों को गहराई से जोड़ता है।
अधूरी कहानी को पूरा करने की कोशिश
मोनिषा बताती है कि उसने सत्या को स्कूल के एनुअल डे पर रोते हुए देखा था। इसके बाद दोनों फैसला करते हैं कि वे अपने पुराने प्यार को ढूंढेंगे और अपनी अधूरी लव स्टोरी को एक बार फिर जिएंगे।
फिल्म का अंत दिल को सुकून देने वाला है, जो दर्शकों को एक खूबसूरत एहसास के साथ छोड़ता है।
क्यों देखें ये फिल्म?
With Love सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि यादों, दोस्ती और अधूरे रिश्तों की कहानी है। अगर आप स्कूल के दिनों की मासूमियत और पुराने प्यार की फीलिंग को फिर से जीना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए परफेक्ट चॉइस है।

