यवतमाल (महाराष्ट्र):
यवतमाल जिले में अवैध रेत तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। गुरुवार को महागांव तहसील के वाकोडी (वाडी) मोरथ परिसर में रेत माफियाओं ने पुलिस अधिकारी पर सीधा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना में महागांव पुलिस थाने के एपीआई सुनील अंबुरे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, अवैध रेत दुलाई कर रहे तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान 5 रेत तस्करों ने एपीआई सुनील अंबुरे पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हालात बेकाबू होते देख एपीआई अंबुरे ने अपनी जान बचाने के लिए हवा में दो राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली रेत तस्कर गुलाब खाजा शेख के हाथ में लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अभय मस्के, महागांव थानेदार धनराज नीले, उमरखेड़ थानेदार शंकर पांचाल और मंडल अधिकारी सचिन फटाले मौके पर पहुंचे। जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिता ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए एसआरपीएफ और दंगल नियंत्रण पथक तैनात किया गया है।
यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी काली (टेंभी) परिसर में रेती माफियाओं द्वारा पटवारी गणेश मोलके पर जानलेवा हमला किया जा चुका है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
4 आरोपी फरार, इलाके में तनाव
यह घटना 18 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस द्वारा ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने “कार्रवाई क्यों कर रहे हो” कहते हुए हमला किया। फायरिंग के बाद चार आरोपी फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी जब्त हो चुका था अवैध रेत स्टॉक
चौंकाने वाली बात यह है कि राजस्व विभाग ने 8 दिन पहले ही इसी परिसर से अवैध रेत का स्टॉक जब्त किया था। इसके बावजूद रेत तस्करी का दोबारा शुरू होना प्रशासनिक लापरवाही और माफियाओं के बढ़ते हौसले को दर्शाता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन पर हमला करने वाले रेत तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

