मुंबई: मुंबई में रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में Central Bureau of Investigation ने Central Railway के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी का नाम रमेश कुमार चौबे बताया गया है, जो मुख्य विद्युत वितरण अभियंता के पद पर तैनात था।
जांच एजेंसी के मुताबिक यह मामला एक निजी कंपनी को दिए गए लगभग 40.54 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़ा है। आरोप है कि अधिकारी ने टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितता करते हुए निजी कंपनी के हितधारकों के साथ सांठगांठ की और इसके बदले टेंडर राशि का एक प्रतिशत यानी करीब 40 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
जाल बिछाकर रंगे हाथों पकड़ा
सीबीआई ने मामले में ट्रैप बिछाकर कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने अधिकारी को उस समय रंगे हाथों पकड़ लिया जब वह एक निजी व्यक्ति से 10 लाख रुपये की रिश्वत ले रहा था। अधिकारियों के अनुसार यह रकम उसके कार्यालय से बरामद भी कर ली गई है।
दो निजी व्यक्ति भी गिरफ्तार
इस मामले में जांच एजेंसी ने अधिकारी के साथ दो निजी व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें अंशुल वर्मा और कनय वर्मा शामिल हैं। दोनों पर इस कथित रिश्वत लेन-देन में भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है।
9 मार्च को दर्ज हुई थी एफआईआर
Central Bureau of Investigation ने 9 मार्च को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार अब पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि टेंडर प्रक्रिया में और किन लोगों की भूमिका रही है।
जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।

