कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह, भारत सरकार अलर्ट मोड पर
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) और युगांडा में तेजी से बढ़ रहे इबोला वायरस संक्रमण को देखते हुए पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑफ इंटरनेशनल कंसर्न (PHEIC) घोषित कर दिया है। इसके बाद भारत सरकार ने भी एहतियात बरतते हुए भारतीय नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार (24 मई) को नागरिकों से अपील की कि वे अगली सूचना तक डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
WHO और Africa CDC ने जताई गंभीर चिंता
WHO ने अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम (IHR) 2005 के तहत 17 मई 2026 को इस प्रकोप को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया। वहीं अफ्रीका सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (Africa CDC) ने भी बुंडीबुग्यो स्ट्रेन (Bundibugyo strain) के इबोला संक्रमण को “पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑफ कॉन्टिनेंटल सिक्योरिटी” घोषित किया है।
WHO की आपातकालीन समिति ने सदस्य देशों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट और अन्य प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी बढ़ाई जाए ताकि प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले संदिग्ध यात्रियों की तुरंत पहचान की जा सके।
किन देशों की यात्रा से बचने को कहा गया?
भारत सरकार ने नागरिकों को इन देशों की गैर-जरूरी यात्रा टालने की सलाह दी है:
- डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC)
- युगांडा
- दक्षिण सूडान
सरकार ने कहा है कि जो भारतीय नागरिक फिलहाल इन देशों में मौजूद हैं, वे स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
अब तक कितने मामले और मौतें?
WHO के अनुसार 21 मई 2026 तक:
- कांगो में 746 संदिग्ध मामले दर्ज
- 176 संदिग्ध मौतें
- दोनों देशों में कुल 85 मामले पुष्टि
- युगांडा में 2 पुष्टि मामले
- अब तक 10 लोगों की मौत
विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण पड़ोसी देशों, खासकर दक्षिण सूडान में तेजी से फैल सकता है।
शहरी इलाकों और अस्पतालों तक पहुंचा संक्रमण
WHO के महानिदेशक Tedros Adhanom Ghebreyesus ने कहा कि इबोला संक्रमण अब केवल दूरदराज के इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी फैल रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि घनी आबादी वाले शहरों और अस्पतालों में संक्रमण फैलना बेहद चिंताजनक है। कई स्वास्थ्यकर्मियों के संक्रमित होने और मौत के मामले सामने आने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ रहा है।
क्या है इबोला वायरस?
इबोला एक गंभीर वायरल हेमरेजिक फीवर है, जो संक्रमित व्यक्ति या शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क से फैलता है। यह बीमारी बेहद घातक मानी जाती है और इसकी मृत्यु दर काफी अधिक होती है।
मौजूदा प्रकोप बुंडीबुग्यो स्ट्रेन से जुड़ा है, जिसके लिए फिलहाल कोई स्वीकृत वैक्सीन या विशेष उपचार उपलब्ध नहीं है।
भारत सरकार की क्या तैयारी है?
स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत में अभी तक इस स्ट्रेन का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक स्वास्थ्य एजेंसियों द्वारा जारी जानकारी पर भरोसा करें।

