अंधेरी के वर्सोवा में घरेलू विवाद बना जानलेवा, पति की पिटाई के बाद महिला की मौत

Thecity news
3 Min Read

मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित वर्सोवा इलाके में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पति द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से की गई मारपीट के बाद 42 वर्षीय महिला रुक्साना शहानुद्दीन शेख की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में वर्सोवा पुलिस ने आरोपी पति शहानुद्दीन दालीमुद्दीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ सदोष मानव वध का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद के बाद हुई बेरहमी से पिटाई

जानकारी के अनुसार, रुक्साना अपनी बहन जारा रज्जाक शेख के पड़ोस में अंधेरी के यारी रोड स्थित सागर कुटीर संघ परिसर में पति शहानुद्दीन के साथ रहती थीं। दंपति के दो बच्चे थे, जिनमें से एक बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी है। बताया गया है कि रुक्साना को सिजेरियन डिलीवरी के बाद से लो ब्लड प्रेशर की समस्या थी।

18 मई को किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर शहानुद्दीन ने रुक्साना की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके पेट में गंभीर चोटें आईं।

कई अस्पतालों में चला इलाज

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और रुक्साना को तुरंत कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां सोनोग्राफी और एक्स-रे के बाद प्राथमिक उपचार देकर देर रात घर भेज दिया गया। हालांकि घर लौटने के बाद उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया।

इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक दिन इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार बढ़ते दर्द के चलते परिजन उसे लाइफ केयर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने दोबारा कूपर अस्पताल रेफर कर दिया।

ऑपरेशन के बाद नहीं आया होश

कूपर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन करने का फैसला लिया। रात करीब साढ़े दस बजे ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद रुक्साना को होश नहीं आया और उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट पर गंभीर चोट और मारपीट के कारण हालत बिगड़ने की आशंका जताई गई है। इसके बाद मृतका की बहन जारा शेख ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी पति गिरफ्तार

शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर वर्सोवा पुलिस ने आरोपी पति शहानुद्दीन शेख के खिलाफ सदोष मानव वध का मामला दर्ज कर शुक्रवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article