Petrol Diesel Price Hike: 10 दिनों में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपये के पार

Thecity news
3 Min Read

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गई। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल 95 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लगभग बंद होने की आशंका को इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह माना जा रहा है।

10 दिनों में चार बार बढ़े दाम

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 15 मई, 19 मई, 23 मई और 25 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया है।

नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपये से बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

बीते 10 दिनों में पेट्रोल 7.35 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि डीजल की कीमत में 7.53 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। प्रतिशत के हिसाब से पेट्रोल 7.7 प्रतिशत और डीजल 8.6 प्रतिशत महंगा हुआ है।

दुनियाभर में बढ़े ईंधन के दाम

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के देशों पर भी पड़ा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक म्यामार में पेट्रोल की कीमतों में 90 प्रतिशत और डीजल में 110 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं पाकिस्तान, यूएई, फिलिपिंस, श्रीलंका, नेपाल और साउथ अफ्रीका जैसे देशों में भी पेट्रोल और डीजल 30 प्रतिशत से 86 प्रतिशत तक महंगे हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर औसतन पेट्रोल की कीमतों में 22.40 प्रतिशत और डीजल में करीब 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

यूरोपियन देशों में और ज्यादा महंगा पेट्रोल

यूरोपियन यूनियन के कई देशों में पेट्रोल की कीमत 180 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर चुकी है। EU-27 देशों में औसतन पेट्रोल 179 रुपये प्रति लीटर और डीजल 184 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

इसके मुकाबले दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपये और डीजल 95 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।

तेल कंपनियों को हो रहा भारी नुकसान

जानकारी के मुताबिक युद्ध शुरू होने के बाद लगातार 76 दिनों तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। इस दौरान तेल कंपनियों को रोजाना करीब 1000 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा था।

हालांकि हालिया कीमत बढ़ोतरी के बाद कंपनियों का दैनिक घाटा घटकर लगभग 500 करोड़ रुपये प्रतिदिन के स्तर पर आ गया है।

Share This Article