प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश की अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार पर खुशी जताई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने वैश्विक संकटों और युद्ध के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती की तारीफ की और विपक्ष पर भी निशाना साधा।
7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर देशवासियों को दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशवासियों को 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि के लिए बधाई मिलनी चाहिए। उन्होंने इस उपलब्धि को देशवासियों की संकल्प शक्ति, मेहनत और सामूहिक शक्ति का प्रतिबिंब बताया।
मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और विभिन्न वैश्विक संकटों से घिरी हुई है। आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित है और कोविड-19 के दौर के बाद से वैश्विक स्तर पर स्थिरता पूरी तरह वापस नहीं आई है। इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।
‘झूठ की गूंज’ कहकर विपक्ष पर कटाक्ष
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में बिना नाम लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ कुछ लोग निराशा में डूबे हुए हैं और ‘झूठ की गूंज’ के जरिए चारों तरफ निराशा फैलाने में लगे हैं।
मोदी ने कहा कि इन तमाम चुनौतियों को पार करते हुए भारत ने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की है। उन्होंने देश को इस गति को बनाए रखने और आगे बढ़ने की जरूरत बताई। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
विदेश यात्रा और सोने की खरीद को लेकर भी अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से विदेश में घूमने-फिरने के बजाय देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने की अपील दोहराई। उन्होंने सोने की खरीद कम करने की बात भी कही और आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया।
अनुमान से बेहतर रही GDP ग्रोथ
केंद्र सरकार की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के दौरान भारत के वास्तविक GDP में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह करीब 7.5 प्रतिशत के अनुमान से बेहतर है।
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और चुनौतीपूर्ण व्यापारिक माहौल के बीच 7.8 प्रतिशत की वृद्धि को भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस समय बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन में मौजूद हैं और वहीं से उन्होंने यह वीडियो संदेश जारी किया।

