भारतीय तटरक्षक और गुजरात एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई में संदिग्ध ईरानी धौ को रोका और ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की।
नई दिल्ली, 30 सितंबर। अरब सागर में भारतीय तटरक्षक ने गुजरात एटीएस के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पश्चिम में चलाए गए ऑपरेशन में संदिग्ध ईरानी धौ से करीब 526 किलो हाई-ग्रेड नशीले पदार्थ जब्त किए गए। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान धौ पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। बरामद ड्रग्स में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
समुद्र में पीछा कर धौ को रोका
भारतीय तटरक्षक और गुजरात एटीएस को समुद्र के रास्ते ड्रग्स की खेप भेजे जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद समुद्र और हवा से संदिग्ध जहाज की निगरानी शुरू की गई। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद तटरक्षक ने उसका पीछा किया और धौ को रोककर उस पर सवार लोगों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान करीब 526 किलो प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद हुए। इसके बाद धौ, उसके चालक दल और जब्त ड्रग्स को सुरक्षा में मुंबई लाया गया।
मुंबई में होगी संयुक्त पूछताछ
मुंबई पहुंचने के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों से संयुक्त पूछताछ की जाएगी। कई जांच एजेंसियां इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी और ड्रग्स की खेप से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी।
भारतीय तटरक्षक के मुताबिक, समुद्र और हवा से लगातार निगरानी के जरिए संदिग्ध जहाज की पहचान की गई थी। इसके बाद हॉट परस्यूट के दौरान कार्रवाई कर ड्रग्स की खेप को भारतीय तट तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।
तटरक्षक ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई जारी है।

