जेईई एडवांस्ड के टॉपर्स की पहली पसंद कंप्यूटर साइंस, टॉप 500 में 365 ने चुनी सीएसई; आईआईटी बॉम्बे सबसे आगे

Thecity news
4 Min Read

जेईई एडवांस्ड 2026 के टॉप 500 रैंकर्स में 73% ने कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग को चुना। सिर्फ 2 छात्रों ने सिविल और किसी ने एयरोस्पेस नहीं चुना।

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। जेईई एडवांस्ड 2026 के टॉप रैंकर्स के बीच कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का दबदबा बरकरार है। इस साल टॉप 500 रैंकर्स में से 365 यानी 73% छात्रों ने बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग को चुना। इनमें अकेले आईआईटी बॉम्बे में 142 छात्रों को सीएसई मिली। यह जानकारी आईआईटी रुड़की की ओर से जारी जेईई एडवांस्ड 2026 की संयुक्त कार्यान्वयन समिति रिपोर्ट में सामने आई है।

टॉप 500 रैंकर्स ने कौन सी ब्रांच चुनी?

रिपोर्ट के मुताबिक, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के बाद 58 छात्रों ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, 38 ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग और 17 ने एआई एवं डेटा एनालिटिक्स को चुना। वहीं सिविल इंजीनियरिंग को सिर्फ 2 छात्रों ने चुना। मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग और इंजीनियरिंग फिजिक्स में 1-1 छात्र गया, जबकि एयरोस्पेस इंजीनियरिंग को टॉप 500 में किसी ने नहीं चुना।

  • कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग: 365
  • इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग: 58
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग: 38
  • एआई एवं डेटा एनालिटिक्स: 17
  • सिविल इंजीनियरिंग: 2
  • मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग: 1
  • इंजीनियरिंग फिजिक्स: 1
  • एयरोस्पेस इंजीनियरिंग: 0

टॉप 500 में आईआईटी बॉम्बे सबसे आगे

टॉप 500 रैंकर्स में 183 छात्रों ने आईआईटी बॉम्बे में दाखिला लिया। इसके बाद आईआईटी दिल्ली में 115, आईआईटी मद्रास में 78, आईआईटी कानपुर में 49 और आईआईटी खड़गपुर में 40 छात्रों ने प्रवेश लिया। इस तरह इन पांच पुराने आईआईटी में टॉप 500 रैंकर्स का करीब 93% हिस्सा चला गया।

टॉप 100 में भी आईआईटी बॉम्बे की बादशाहत

टॉप 100 रैंकर्स में आईआईटी बॉम्बे सबसे पसंदीदा संस्थान रहा। इनमें 68 छात्रों ने आईआईटी बॉम्बे, 18 ने आईआईटी दिल्ली, 11 ने आईआईटी मद्रास और 1 छात्र ने आईआईटी कानपुर चुना। यानी टॉप 100 में 98% छात्र इन चार आईआईटी में गए।

टॉप 5000 रैंकर्स में भी पुराने आईआईटी का दबदबा

जेईई एडवांस्ड 2026 के टॉप 5000 रैंकर्स में से 4632 उम्मीदवारों को 23 आईआईटी में सीट आवंटित हुई। इनमें आईआईटी बॉम्बे को सबसे ज्यादा 764, आईआईटी दिल्ली को 587, आईआईटी खड़गपुर को 482, आईआईटी मद्रास को 477 और आईआईटी कानपुर को 454 टॉप रैंकर्स मिले।

इन पांच आईआईटी में टॉप 5000 रैंकर्स के करीब 60% उम्मीदवारों ने प्रवेश लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में इन पांच संस्थानों की हिस्सेदारी करीब 59.5% थी।

आईआईटी हैदराबाद में टॉप 5000 रैंकर्स की संख्या 2025 के 222 से बढ़कर 257 हो गई, जबकि आईआईटी खड़गपुर में यह संख्या 517 से घटकर 482 रह गई।

टॉप 1000 की पसंद भी सामने आई

टॉप 1000 रैंकर्स में आईआईटी बॉम्बे को 253, आईआईटी दिल्ली को 209, आईआईटी मद्रास को 153, आईआईटी कानपुर को 125 और आईआईटी खड़गपुर को 71 छात्रों ने चुना। आईआईटी हैदराबाद और आईआईटी गुवाहाटी में क्रमश: 55 और 51, जबकि आईआईटी रुड़की में 51 छात्रों ने दाखिला लिया। अन्य आईआईटी में कुल 82 छात्रों ने प्रवेश लिया।

जेईई एडवांस्ड 2026 का आयोजन 17 मई को हुआ था। दोनों पेपर में 1,79,694 उम्मीदवार शामिल हुए थे और 1 जून को जारी परिणाम में 56,880 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए थे।

Share This Article