37 साल की उम्र में पूनम राउत ने लिया संन्यास, भारत के लिए बनाए 3,000 से ज्यादा रन

Thecity news
3 Min Read

भारतीय महिला टीम की पूर्व सलामी बल्लेबाज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उनके नाम वनडे में 320 रन की ऐतिहासिक ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व सलामी बल्लेबाज पूनम राउत ने 37 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर तत्काल प्रभाव से क्रिकेट को अलविदा कहने की जानकारी दी।

पूनम ने 2009 से 2021 के बीच भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह आखिरी बार 2021 में भारतीय जर्सी में टेस्ट मैच खेलती नजर आई थीं। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने तीनों प्रारूपों में अहम योगदान दिया।

भावुक पोस्ट में क्या बोलीं पूनम राउत?

पूनम राउत ने अपनी पोस्ट में कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने क्रिकेट को अपने जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इस खेल ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ने के साथ मुश्किल परिस्थितियों में डटे रहना भी सिखाया।

उन्होंने भारतीय जर्सी पहनने का सपना पूरा करने में मिले भरोसे और समर्थन के लिए प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार जताया। साथ ही, अपने शुरुआती क्रिकेट करियर में सहयोग देने और मजबूत नींव तैयार करने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को भी धन्यवाद दिया।

ऐसा रहा पूनम राउत का अंतरराष्ट्रीय करियर

दाएं हाथ की बल्लेबाज पूनम राउत ने भारत के लिए चार टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले।

टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने सात पारियों में 44 की औसत से 264 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल है। वनडे में उनके नाम 2,299 रन दर्ज हैं। इस प्रारूप में उन्होंने तीन शतक और 15 अर्धशतक लगाए।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूनम ने 31 पारियों में 27.65 की औसत से 719 रन बनाए। तीनों प्रारूपों में उनका योगदान भारतीय महिला क्रिकेट में उनकी अहम भूमिका को दर्शाता है।

दीप्ति शर्मा के साथ बनाया था ऐतिहासिक रिकॉर्ड

पूनम राउत के नाम महिला वनडे क्रिकेट की ऐतिहासिक साझेदारियों में से एक दर्ज है। 2017 में आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 320 रन जोड़े थे। महिला वनडे क्रिकेट में यह पहली बार था, जब किसी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 300 रन का आंकड़ा पार किया था।

इसी साल महिला वनडे विश्व कप में भी पूनम ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नौ पारियों में 42.33 की औसत से 381 रन बनाए और भारतीय टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

पूनम राउत के संन्यास के साथ भारतीय महिला क्रिकेट की एक अनुभवी बल्लेबाज के अंतरराष्ट्रीय सफर का अंत हो गया है।

Share This Article