उड़ान के दौरान खुल गया एयर एंबुलेंस का दरवाजा, इमरजेंसी लैंडिंग के बाद भारतीय महिला की मौत

Thecity news
3 Min Read

अगरतला से कोलकाता जा रहे विमान को तकनीकी खराबी के कारण ढाका में उतारना पड़ा। अस्पताल में 56 वर्षीय मरीज की मौत हो गई, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है।

भारत से कोलकाता जा रही एक एयर एंबुलेंस को रविवार को तकनीकी खराबी के कारण बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। उड़ान के दौरान विमान का दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया था। विमान में सवार 56 वर्षीय भारतीय महिला अंजना भौमिक की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत का संबंध तकनीकी खराबी से था या किसी अन्य मेडिकल समस्या से, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, बीचक्राफ्ट किंग एयर सी90ए विमान अगरतला से कोलकाता जा रहा था। विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर वीटी-एचवाईए था। करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर चढ़ते समय विमान में तकनीकी समस्या आई, जिसके कारण उसका दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया।

ढाका एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया विमान

तकनीकी खराबी के बाद विमान को ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1:40 बजे उतारा गया। विमान में कुल सात लोग सवार थे। इनमें दो पायलट, मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो लोग शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक, बाकी सभी लोग सुरक्षित रहे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, विमान की लैंडिंग के बाद अंजना भौमिक को कुर्मिटोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। द डेली स्टार के मुताबिक, एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि अंजना की मौत रविवार शाम स्थानीय समय के मुताबिक करीब 4:40 बजे हुई।

हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता मोहम्मद रियाज उद्दीन ने भी उड़ान के दौरान विमान में मैकेनिकल खराबी आने और दरवाजा खुलने की पुष्टि की। हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।

मानवीय आधार पर बांग्लादेश ने दी मदद

बीएसएस के मुताबिक, विमान के पास अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए जरूरी मंजूरी नहीं थी। इसके बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग में मदद की। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय कर जरूरी राजनयिक औपचारिकताएं पूरी कराने में सहायता की।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान का संचालन भारत की कंपनी एसकेबी इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड कर रही थी। मंजूरी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए विमान ढाका एयरपोर्ट पर ही रुका हुआ था।

Share This Article