अनंत सिंह ने इस बार क्यों नहीं बनवाए रसगुल्ले? MLC चुनाव में दिया दिलचस्प जवाब

Thecity news
3 Min Read

बिहार में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर मतदान के बीच मोकामा विधायक ने कहा कि तीन जिलों में रसगुल्ले भेजने का खर्च बहुत ज्यादा है।

बिहार में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए मतदान जारी है। इस बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह का रसगुल्ले को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या इस बार भी रसगुल्ले बनवाए गए हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है।”

तीन जिलों में रसगुल्ले भेजने का खर्च ज्यादा

अनंत सिंह ने कहा कि इस बार चुनावी क्षेत्र काफी बड़ा है और तीन जिलों में रसगुल्ले पहुंचाने के लिए गाड़ी का किराया ही बहुत ज्यादा लग जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले उनके क्षेत्र में करीब 600 लोग आते थे, लेकिन इस बार क्षेत्र दूर-दूर तक फैला हुआ है। ऐसे में रसगुल्ले बनवाकर अलग-अलग जिलों में भेजना महंगा पड़ेगा।

नीतीश कुमार को बताया अपना गुरु

जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के घर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार उनके गुरु हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को जहां ले जाया जाता है, वे वहां चले जाते हैं।

अनंत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक है और उन्हें अपने उम्मीदवार की जीत की उम्मीद है। चुनाव में गड़बड़ी की आशंका पर उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत काम करेगा, तो जनता जवाब देगी। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि चुनाव में कोई गड़बड़ी नहीं होगी।

नीरज कुमार ने जीत का दावा किया

जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि इस सीट पर पार्टी का व्यापक जनाधार और मजबूत संगठन है। उनके मुताबिक, चुनावी आंकड़े और मतदाताओं का रुझान विपक्ष की हार का संकेत दे रहे हैं।

नीरज कुमार ने पार्टी लाइन से अलग जाकर उनका विरोध करने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों, अनुशासनहीनता और आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ दुष्प्रचार को पार्टी नेतृत्व गंभीरता से ले रहा है।

अनंत सिंह कर रहे हैं जेडीयू उम्मीदवार का विरोध

पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह खुलकर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। वह अपने करीबी और जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में मतदान की अपील कर रहे हैं। उन्हें जिताने के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।

इस वजह से पटना स्नातक सीट का मुकाबला चर्चा में है। वहीं, जेडीयू संगठन नीरज कुमार के समर्थन में जुटा है और अपनी नीतियों के आधार पर मतदाताओं का समर्थन मिलने का दावा कर रहा है।

Share This Article