राजस्थान के जमवारामगढ़ में टायर फटने से कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आगरा के दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
राजस्थान के जयपुर जिले के जमवारामगढ़ में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (एनएच-148) पर रायसर थाना क्षेत्र के भट्ट का बास के पास हुआ। कार सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे और खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे कार का टायर फट गया। इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
चार युवकों की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
हादसे में अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की मौत हो गई। वहीं, राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रायसर थाना प्रभारी राजपाल सिंह के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
जालोर में बस-टेंपो की टक्कर में तीन की मौत
इससे पहले राजस्थान के जालोर जिले में बृहस्पतिवार को राजस्थान रोडवेज की बस और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई थी। हादसा रामसीन-भीनमाल राज्य राजमार्ग पर भारुड़ी गांव के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मूथला कांबा गांव की निवासी ललिता देवी (42), उनके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) के रूप में हुई। ललिता का आठ वर्षीय बेटा राजू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।

