उत्तर रेलवे ने पिछले साल के मुकाबले करीब 30 फीसदी अधिक विशेष ट्रेन फेरे चलाने की योजना बनाई है, ताकि यात्रियों को भीड़ से राहत मिल सके।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने इस साल विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यापक तैयारी की है। रेलवे 6,200 से अधिक विशेष ट्रेन फेरे संचालित करने की योजना बना रहा है। यह संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 30 फीसदी अधिक है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, पिछले साल त्योहारी सीजन में विशेष ट्रेनों के कुल 4,666 फेरे संचालित किए गए थे। इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए इनकी संख्या बढ़ाई जा रही है।
42 नई ट्रेनों को किया गया नियमित
रेलवे के मुताबिक, इस साल 42 नई ट्रेनों को नियमित किया गया है। ये ट्रेनें त्योहारी सीजन के दौरान कुल 2,600 फेरे लगाएंगी। इसके अलावा, 3,600 विशेष ट्रेन फेरों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भीड़ को संभालना और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा देना है।
दिल्ली से बिहार समेत कई प्रमुख रूटों पर सुविधा
उत्तर रेलवे जिन प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा, उनमें दिल्ली–पटना वंदे भारत, शकूरबस्ती–दरभंगा, माता वैष्णो देवी–वाराणसी, चंडीगढ़–पटना और आनंद विहार–पाटलिपुत्र शामिल हैं।
इसके अलावा नई दिल्ली–हावड़ा, कोलकाता–योग नगरी ऋषिकेश, अमृतसर–बरौनी, नई दिल्ली–दानापुर, दिल्ली–कामाख्या, दिल्ली–गया और अमृतसर–जयनगर मार्गों पर भी विशेष ट्रेनों की सुविधा दी जाएगी।
सुरक्षित और आरामदायक यात्रा पर जोर
उत्तर रेलवे का कहना है कि विशेष ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी से त्योहारों के दौरान यात्रा की मांग पूरी करने में मदद मिलेगी। इससे यात्रियों को भीड़ के बीच सफर करने में राहत मिलने और यात्रा को अधिक सुगम, आरामदायक व सुरक्षित बनाने की उम्मीद है।

