जर्मनी की दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी अपने कामकाज में बदलाव और खर्च घटाने पर विचार कर रही है, हालांकि छंटनी की योजना अभी शुरुआती चरण में है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल बढ़ने के साथ दुनिया भर की टेक कंपनियां अपने काम करने का तरीका बदल रही हैं। इसका असर अब कर्मचारियों की नौकरियों पर भी दिखाई देने लगा है। जर्मनी की दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी एसएपी करीब 10,000 या इससे ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने पर विचार कर रही है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो कंपनी के कुल कर्मचारियों में से लगभग 10 फीसदी की नौकरी जा सकती है। हालांकि, फिलहाल यह योजना शुरुआती स्तर पर है और कंपनी ने इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
एआई के चलते बदल रही है कंपनी की रणनीति
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एसएपी अपने बिजनेस मॉडल और कामकाज की रणनीति में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। इसके तहत कंपनी कर्मचारियों की संख्या कम करने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस प्रस्ताव पर अभी चर्चा चल रही है और इसे कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के सामने औपचारिक रूप से पेश नहीं किया गया है।
दरअसल, एसएपी अपने सॉफ्टवेयर कारोबार में एआई तकनीक को तेजी से शामिल कर रही है। कंपनी क्लाउड आधारित सेवाओं और एआई से जुड़े एंटरप्राइज सॉल्यूशंस पर ज्यादा ध्यान दे रही है। ऐसे में कामकाज को अधिक कुशल बनाने और खर्च घटाने के लिए कर्मचारियों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
2024 में भी हुई थी 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी
एसएपी ने साल 2024 में भी बड़े स्तर पर पुनर्गठन किया था। उस दौरान कंपनी ने करीब 10,000 नौकरियां कम की थीं। हालांकि, बाद में नई भर्तियां की गईं और कंपनी के कर्मचारियों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 1.13 लाख हो गई। अब एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की आशंका जताई जा रही है।
मुनाफा बढ़ने के बावजूद छंटनी की चर्चा
खास बात यह है कि एसएपी का कारोबार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। कंपनी ने तीसरी तिमाही में 10.3 अरब यूरो का रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 13 फीसदी अधिक है।
इस दौरान क्लाउड सेवाओं से कंपनी को 6.7 अरब यूरो की कमाई हुई, जबकि उसका नेट प्रॉफिट 11 फीसदी बढ़कर 2.3 अरब यूरो पहुंच गया। इसके बावजूद कर्मचारियों की संख्या घटाने की चर्चा ने टेक सेक्टर में छंटनी को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
छंटनी पर कंपनी का क्या है रुख?
रिपोर्ट के मुताबिक, एसएपी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) डोमिनिक आसम ने भी हाल में संकेत दिया था कि बदलते कारोबारी माहौल में कर्मचारियों की संख्या में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, 10,000 कर्मचारियों की छंटनी से जुड़ी रिपोर्ट पर कंपनी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

