दावोस दौरे पर आदित्य ठाकरे का सरकार पर हमला, बोले—वैश्विक मंच का इस्तेमाल स्थानीय बिल्डरों से मुलाकात के लिए गलत

Thecity news
2 Min Read

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने एक बार फिर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। उन्होंने स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब मुख्यमंत्री हाल ही में दावोस दौरे से लौटे हैं। आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावोस जाने वाले मुख्यमंत्रियों को संदेश दिया।

उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे मंचों का उद्देश्य वैश्विक राजनीतिक नेतृत्व, निवेशकों और नवाचार से जुड़े लोगों को एक साथ लाना होता है। ऐसे मंचों का उपयोग स्थानीय बिल्डरों या ठेकेदारों से मुलाकात के लिए करना इसकी मूल भावना के खिलाफ है।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि दावोस जैसे मंचों पर उन लोगों से मिलने में समय नहीं गंवाया जाना चाहिए, जो स्थानीय स्वशासी संस्थाओं से अनुमति या मंजूरी की प्रक्रिया में जुड़े होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों का उपयोग राज्य के दीर्घकालिक विकास, वैश्विक निवेश आकर्षित करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम का उद्देश्य वैश्विक विचारों, नई तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बढ़ावा देना है, न कि स्थानीय प्रशासनिक मुद्दों को प्राथमिकता देना।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावोस दौरे के दौरान दावा किया था कि महाराष्ट्र ने करीब 30 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे लगभग 40 लाख रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भी दावोस दौरे के खर्च को सार्वजनिक करने की मांग की थी।

आदित्य ठाकरे का यह बयान दावोस दौरे को लेकर जारी राजनीतिक बहस को और तेज करता नजर आ रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *