Akhilesh Yadav Birthday: 53 साल के हुए अखिलेश यादव, सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

Thecity news
4 Min Read

समाजवादी पार्टी प्रमुख के जन्मदिन पर पूरे प्रदेश में जश्न, मुरादाबाद में कार्यकर्ताओं ने काटा 53 फीट लंबा केक

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। 1 जुलाई को उनके जन्मदिन के अवसर पर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके आरोग्य और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना है।”

मुख्यमंत्री की इस शुभकामना को राजनीतिक शिष्टाचार और सौहार्द का संदेश माना जा रहा है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी किया शुभकामना संदेश साझा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि, “सपा प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और आदि देव महादेव की कृपा आप पर बनी रहे तथा आप सदैव स्वस्थ और दीर्घायु रहें।”

मुरादाबाद में 53 फीट लंबा केक काटकर मनाया गया जश्न

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए।

मुरादाबाद में सपा कार्यकर्ताओं ने 53 फीट लंबा केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया। इस अवसर पर सांसद रुचि वीरा ने केक काटा और कार्यकर्ताओं के बीच वितरित किया। विशेष बात यह रही कि केक पर समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ भी बनाया गया था। इस खास केक को अलवीना बेकरी ने तैयार किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

2012 में बने थे उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री

अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के सैफई में हुआ था। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और मालती देवी के पुत्र हैं।

उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा धौलपुर मिलिट्री स्कूल (राजस्थान) से प्राप्त की। इसके बाद मैसूर विश्वविद्यालय से सिविल एवं एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की और फिर ऑस्ट्रेलिया के सिडनी विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की।

राजनीति में सक्रिय होने के बाद उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया और वर्ष 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वह राज्य के इतिहास में सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम रखते हैं।

समर्थकों में उत्साह, सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़

अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं की बाढ़ देखने को मिली। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *