वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर का एशिया कप में धमाका, 168 गेंदों पर ठोके 160 रन

Thecity news
3 Min Read

यूएई के खिलाफ आर्यवीर ने टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ा और वीके विनीत के साथ बड़ी साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूती दी।

अंडर-19 एशिया कप में भारत और यूएई के बीच खेले जा रहे मुकाबले में पूर्व भारतीय दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने शानदार बल्लेबाजी की। यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर और लक्ष्य राज चंदानी ने अच्छी शुरुआत दिलाई।

दोनों के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई। लक्ष्य के आउट होने के बाद आर्यवीर ने पारी संभाली और 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 168 गेंदों पर 160 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और 7 छक्के लगाए।

अंडर-19 एशिया कप में आर्यवीर का पहला शतक

आर्यवीर ने यूएई के खिलाफ अपनी शतकीय पारी में शानदार शॉट लगाए। इस टूर्नामेंट में यह उनका पहला शतक रहा। इससे पहले उन्होंने नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में वह 22 रन ही बना सके थे।

पाकिस्तान के खिलाफ उस मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अर्जुन राजपूत ने शतक लगाया था।

वीके विनीत के साथ की शतकीय साझेदारी

आर्यवीर ने दूसरे विकेट के लिए वीके विनीत के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की। दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए भारतीय टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। 38 ओवर में भारत ने 203 रन बना लिए थे। इस दौरान आर्यवीर के साथ वीके विनीत भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे।

भारत के लिए जीत जरूरी

ग्रुप ए में भारत के लिए यूएई के खिलाफ यह मुकाबला बेहद अहम है। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत नेपाल को हराकर की थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार के बाद सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण हो गई है।

नेपाल के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उसे 128 रन पर ऑलआउट कर दिया था। इसके बाद भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया था। अब यूएई के खिलाफ जीत दर्ज करना भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

Share This Article