महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में जगह बना ली। कप्तान सोफी मोलिनक्स ने जीत का श्रेय टीम के संयम, बेहतरीन गेंदबाजी और संतुलित प्रदर्शन को दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को खेले गए महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी। छह बार की चैंपियन टीम ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट के इतिहास में आठवीं बार फाइनल में प्रवेश किया।
पहले गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को निर्धारित 20 ओवर में 125/7 के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 42 गेंदें शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेथ मूनी ने नाबाद 61 रन और एशले गार्डनर ने नाबाद 35 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई।
गेंदबाजों ने रखी जीत की मजबूत नींव
ऑस्ट्रेलिया की जीत में गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। कप्तान सोफी मोलिनक्स, एशले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने दो-दो विकेट हासिल किए। पावरप्ले से लेकर डेथ ओवरों तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पर लगातार दबाव बनाए रखा।
‘हर मैच का लुत्फ उठाया, आगे की ज्यादा नहीं सोची’
जीत के बाद कप्तान सोफी मोलिनक्स ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ मौजूदा मुकाबले पर ध्यान दिया और भविष्य की ज्यादा चिंता नहीं की।
मोलिनक्स ने कहा, “टी20 वर्ल्ड कप में आपको परिस्थितियों के साथ चलना होता है। इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। हमारी टीम ने हर मैच का आनंद लिया और खुद को बहुत आगे की सोच से दूर रखा। अब फाइनल के बारे में सोचने का समय आ गया है और यह हमारे लिए बेहद खास पल है।”
सीमर्स पर भरोसा रहा सफल
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने पावरप्ले में तेज गेंदबाजों पर भरोसा बनाए रखने के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किम गार्थ और लुसी ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज की सलामी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
मोलिनक्स ने कहा, “किम गार्थ गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने में माहिर हैं और पावरप्ले में बेहतरीन गेंदबाजी करती हैं। लुसी ने भी उनका शानदार साथ दिया। विरोधी बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत करने की कोशिश की, लेकिन हमने संयम बनाए रखा और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत रही।”
मूनी और गार्डनर ने बिना दबाव के दिलाई जीत
126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया कभी दबाव में नहीं दिखा। बेथ मूनी और एशले गार्डनर ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को आरामदायक जीत दिलाई।
मोलिनक्स ने दोनों बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि टीम जल्द से जल्द मैच खत्म करना चाहती थी और दोनों ने बेहद परिपक्व बल्लेबाजी कर किसी भी तरह की घबराहट को जगह नहीं दी।
एलिस पेरी की फिटनेस पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
मैच के दौरान अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी जांघ की मांसपेशियों में हल्की परेशानी के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चली गई थीं। हालांकि कप्तान मोलिनक्स ने उनकी फिटनेस को लेकर फैली चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि पेरी फाइनल मुकाबले तक पूरी तरह फिट हो जाएंगी।
उन्होंने कहा, “उन्हें सिर्फ हल्की परेशानी महसूस हुई थी। फिलहाल ऐसा लग रहा है कि वह रविवार को होने वाले फाइनल के लिए पूरी तरह उपलब्ध रहेंगी।”
फाइनल से पहले जश्न और रिकवरी पर रहेगा फोकस
फाइनल मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ समय जश्न मनाने और रिकवरी पर ध्यान देगी। मोलिनक्स ने कहा कि पिछले दो सप्ताह टीम के लिए शानदार रहे हैं और खिलाड़ी पहले इस उपलब्धि का आनंद लेंगे, उसके बाद खिताबी मुकाबले की तैयारियों में जुटेंगे।

