हरियाणा में रैपर बादशाह पर FIR, विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर लुक आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी

Thecity news
3 Min Read

पंचकूला में दर्ज हुआ मामला, वीडियो में आपत्तिजनक कंटेंट और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल की जांच

हरियाणा में सिंगर और रैपर Badshah अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा पुलिस उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की तैयारी कर रही है, ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें। गाने में कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों और दृश्यों के इस्तेमाल को लेकर यह विवाद खड़ा हुआ है।

पंचकूला में दर्ज हुई FIR

मामले को लेकर Panchkula के साइबर थाना सेक्टर-20 में रैपर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस का आरोप है कि गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश किया गया है। इसके अलावा वीडियो में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों के इस्तेमाल की भी बात सामने आई है।

हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल की भी जांच

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में Haryana Roadways की जींद डिपो की बस दिखाई गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि गाने की शूटिंग के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं।

इसके अलावा वीडियो में एक सरकारी स्कूल भी दिखाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वहां शूटिंग के लिए किसी अधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ धारा 120-B के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।

गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

Panchkula पुलिस ने बादशाह को नोटिस जारी कर तुरंत पेश होने को कहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें भी गठित की गई हैं और अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है।

सोशल मीडिया से हटाया जा रहा वीडियो

हरियाणा पुलिस ने विवादित गाने के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। रैपर के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से यह गाना हटाया जा चुका है और अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म व सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इसे हटाने की कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से जुड़ी रील या वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *