कुआलालंपुर से आए यात्रियों ने ट्रॉलियों के नीचे चिपकाए सोने के पैकेट, अधिकारियों ने 1.78 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया।
बेंगलुरु, 9 अक्टूबर। एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की बेंगलुरु जोनल यूनिट ने 2 यात्रियों को पकड़ा है। उनके पास से 1,200.40 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत 1,78,88,360 रुपये बताई गई है। आरोपियों ने सोने को बैगेज ट्रॉलियों के नीचे छिपाकर सुरक्षा जांच से बचाने की कोशिश की थी।
ट्रॉली के नीचे पैकेट चिपकाकर बनाई योजना
खुफिया जानकारी मिलने के बाद डीआरआई अधिकारियों ने कुआलालंपुर से बेंगलुरु पहुंचे दोनों यात्रियों पर नजर रखी। निगरानी के दौरान उन्हें बैगेज ट्रॉलियों के नीचे सोने से भरे पैकेट चिपकाते और फिर वहां से दूर जाते देखा गया। इस तरीके का मकसद सोने को खुद कस्टम जांच से ले जाने के बजाय ट्रॉली के जरिए आगे पहुंचाना था।
अनजान यात्रियों की ट्रॉलियों पर भी रख रहे थे नजर
जांच में सामने आया कि सोने के पैकेट जानबूझकर ट्रॉलियों के नीचे चिपकाकर छोड़ दिए गए थे। बाद में दूसरे यात्री इन ट्रॉलियों का इस्तेमाल अपना सामान ले जाने के लिए कर सकते थे। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों संदिग्ध उन ट्रॉलियों और अनजान यात्रियों पर नजर रख रहे थे। आशंका है कि उनका इरादा कस्टम नियंत्रण वाले क्षेत्र से ट्रॉली बाहर निकलने के बाद सोना वापस लेने का था।
दो पैकेटों से मिले सोने के 12 बिस्कुट
डीआरआई अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए ट्रॉलियों के नीचे चिपकाए गए 2 पैकेट बरामद किए। इनमें 999.9 फाइननेस वाला 24 कैरेट सोना था। कुल 1,200.40 ग्राम सोने की कीमत 1,78,88,360 रुपये आंकी गई। सोने के साथ उसे छिपाने में इस्तेमाल की गई सामग्री और बैगेज ट्रॉलियों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इससे पहले भी बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया था। उस दौरान 2 यात्रियों के पास से करीब 260 ग्राम सोने जैसा धातु पाउडर बरामद किया गया था। अधिकारियों को यात्रियों की पैंट के कमर वाले हिस्से में छिपाए गए 2 पैकेट मिले थे। इसके बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया था।

