हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए, पीड़ितों को बचाने की कोशिश के दौरान होटल के कर्मचारी और एक अमेरिकी नागरिक करंट की चपेट में आए।
बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में स्विमिंग पूल में संदिग्ध रूप से करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। यह हादसा शहर के हलासुरु इलाके में स्थित कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम हुआ। घटना के समय दोनों होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में थे।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान स्लोवाकिया के 45 वर्षीय होरियात और नीदरलैंड के 59 वर्षीय एलेक्जेंडर मैक्सियालन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों स्विमिंग पूल में करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी जान चली गई।
बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग घायल
हादसे के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डिसेंटिस और होटल के 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट एवं लाइफगार्ड राहुल तिवारी शामिल हैं।
दोनों घायलों को तुरंत मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

