बेंगलुरु में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, मुख्यमंत्री के निजी आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप
बेंगलुरु पुलिस ने 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक ऑटो रिक्शा चालक के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री के आवास और विधानसभा में बम लगाने की झूठी धमकी दी। मुख्यमंत्री का निजी आवास बेंगलुरु के सदाशिवनगर इलाके में स्थित है।
ऑटो बुकिंग के बाद ड्राइवर के फोन से दी धमकी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 5 नवंबर को एक ऑनलाइन ऐप के जरिए ऑटो बुक किया था। ऑटो चालक जब बताई गई लोकेशन पर पहुंचा तो वह मुख्यमंत्री का निजी आवास निकला। इसके बाद चालक ने युवक को फोन किया। युवक ने कथित तौर पर कहा कि वह घर के अंदर है और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को फोन देने के लिए कहा।
ऑटो चालक ने जब फोन पुलिसकर्मी को दिया तो उसी मोबाइल से मुख्यमंत्री के आवास और विधानसभा में बम लगाने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने यह भी कहा कि बम किसी भी समय फट सकता है।
धमकी मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन जांच में यह कॉल फर्जी निकली। ऑटो चालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बेंगलुरु के ब्यादाराहल्ली स्थित बालाजीनगर के रहने वाले युवक को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। शुरुआती जांच में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई गई है।
मुंबई में भी कई अहम जगहों को मिली थी धमकी
इससे पहले नवंबर में मुंबई में मेयर कार्यालय, बॉम्बे हाईकोर्ट, एयरपोर्ट और अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ समेत कई स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। 12 नवंबर को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें महालक्ष्मी रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी।
ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। संबंधित स्थानों पर जांच और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
6 नवंबर को भी मिला था धमकी भरा ईमेल
मुंबई में इससे पहले 6 नवंबर को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), वर्ली रेसकोर्स, बॉम्बे हाईकोर्ट और अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी।

