‘भोजपुरी बवाल’ में बढ़ा विवाद: फूहड़ गानों पर बहस के बाद पवन सिंह नाराज होकर डिनर टेबल छोड़कर चले गए

Thecity news
3 Min Read

ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के नए एपिसोड में मनोरंजन के साथ-साथ विवाद भी देखने को मिला। शो में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे एक मंच पर नजर आए, लेकिन भोजपुरी फिल्मों और गानों में कथित अश्लीलता को लेकर हुई बहस के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अभिनेता और गायक पवन सिंह नाराज होकर डिनर टेबल छोड़कर वहां से चले गए।

शो में दिखा भोजपुरी सितारों का जमावड़ा

एपिसोड की शुरुआत पवन सिंह के व्यस्त कार्यशैली और उनके काम करने के अंदाज से हुई। उनके मैनेजर नीरज सिंह ने बताया कि पवन सिंह अपनी शर्तों और कार्यशैली के अनुसार काम करना पसंद करते हैं।

इसके बाद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और आम्रपाली दुबे की शानदार बॉन्डिंग देखने को मिली। आम्रपाली ने बताया कि निरहुआ ने भोजपुरी सिनेमा में अपने 20 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर उन्होंने निरहुआ के लोकप्रिय गीतों पर विशेष प्रस्तुति दी, जिसे देखकर निरहुआ भावुक हो गए।

डिनर टेबल पर छिड़ी फूहड़ता पर बहस

रात में तेज प्रताप यादव द्वारा आयोजित डिनर के दौरान शुरुआत में हल्की-फुल्की बातचीत हुई, लेकिन बाद में चर्चा भोजपुरी फिल्मों और गानों में बढ़ती कथित फूहड़ता और अश्लीलता पर पहुंच गई।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि ऐसी सामग्री के कारण दर्शक भोजपुरी फिल्मों से दूरी बना रहे हैं। इस पर निरहुआ ने भी कहा कि भोजपुरी सिनेमा से इस तरह की सामग्री को खत्म किया जाना जरूरी है।

निरहुआ के बयान पर नाराज हुए पवन सिंह

चर्चा के दौरान निरहुआ ने कहा कि पवन सिंह ऐसे कलाकार हैं जो फूहड़ गानों को भी अपने अंदाज से लोकप्रिय बना देते हैं।

इस टिप्पणी पर पवन सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वह ऐसे गीत नहीं गाते जो समाज में गलत संदेश दें। बहस बढ़ने के बाद पवन सिंह नाराज होकर डिनर टेबल से उठ गए और वहां से रवाना हो गए।

सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

एपिसोड प्रसारित होने के बाद यह घटनाक्रम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। दर्शकों के बीच इस बहस और पवन सिंह की प्रतिक्रिया को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

Share This Article