
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक 60.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा वोटिंग बेगूसराय जिले में 67.32 प्रतिशत और सबसे कम शेखपुरा में 52.36 प्रतिशत रही। कुछ जिलों में EVM खराबी और मतदाता बहिष्कार की घटनाएं भी सामने आईं।
EVM खराबी से कई जगह मतदान प्रभावित
वैशाली के लालगंज, दरभंगा के बूथ नंबर 153 और राघोपुर में मतदान के दौरान EVM खराब हो गई, जिससे कुछ समय तक मतदान रुका रहा। पटना के चौरा गोपालपुर गांव में बूथ नंबर 379 पर एक घंटे तक EVM बंद रही। EVM में खराबी को लेकर लोगों ने नारेबाजी की और हंगामा भी किया। चुनाव आयोग ने तकनीकी टीमों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया।
कई गांवों में मतदान का बहिष्कार
सहरसा, दरभंगा, मनेर, मुजफ्फरपुर और भोजपुर के कई गांवों में मतदाताओं ने सड़क, नाली और शमशान जैसी स्थानीय मांगों को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। सहरसा के जमाल नगर और दरभंगा के सुघराईन गांव में ग्रामीणों ने वोट नहीं डाले। मनेर में प्रशासनिक अधिकारियों को लोगों को मनाने के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा।
नाव और भैंस पर सवार होकर पहुंचे मतदाता
कई इलाकों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। मुजफ्फरपुर, राघोपुर और औराई में मतदाता नाव से सवार होकर वोट डालने पहुंचे। वैशाली के भगवानपुर में एक युवक भैंस पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचा। समस्तीपुर में गंगा पार इलाकों में सुरक्षा बलों ने नाव से गश्त की। इन दृश्यों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला
लखीसराय जिले में मतदान के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर पथराव हुआ। भीड़ ने उनके वाहन पर गोबर और चप्पल फेंकी। विजय सिन्हा ने इस हमले के लिए RJD कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया और कहा कि “NDA की बढ़त देखकर विपक्ष बौखला गया है।” पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की।
छुटपुट हिंसा के बावजूद शांतिपूर्ण रहा मतदान
पटना, वैशाली, दरभंगा और जैतपुर में कुछ जगह झड़पें हुईं। वैशाली में CAPF जवानों पर पथराव, दरभंगा में पोलिंग एजेंट को धमकी और जैतपुर में CPI प्रत्याशी सत्येंद्र कुमार की गाड़ी पर हमला हुआ। बावजूद इसके, चुनाव आयोग ने मतदान को कुल मिलाकर शांतिपूर्ण बताया और कहा कि सभी शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।

