पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने अभिनेत्री और पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा के साथ अपने रिश्ते को लेकर वर्षों से चल रही अफवाहों पर एक बार फिर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी किसी बॉलीवुड अभिनेत्री को डेट नहीं किया।
‘मैंने कभी किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस को डेट नहीं किया’
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में ब्रेट ली ने कहा कि लोगों ने उनके और प्रीति जिंटा के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाईं, लेकिन इन बातों का उन पर कभी कोई असर नहीं पड़ा।
उन्होंने कहा, “मैंने कभी किसी बॉलीवुड अभिनेत्री को डेट नहीं किया। लोग जितनी चाहें अटकलें लगाएं, लेकिन मुझे सच पता था, इसलिए मैंने इन बातों को कभी खुद पर हावी नहीं होने दिया।”
प्रीति जिंटा की जमकर की तारीफ
ब्रेट ली ने बताया कि किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) में साथ काम करने के दौरान उनकी और प्रीति जिंटा की अच्छी दोस्ती हुई थी।
उन्होंने कहा कि आज भी प्रीति भारत में उनकी सबसे करीबी दोस्तों में शामिल हैं। ली ने उन्हें बेहद समझदार बताते हुए कहा कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं।
2011 में भी दी थी सफाई
यह पहला मौका नहीं है जब ब्रेट ली ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी हो। इससे पहले 2011 में भी उन्होंने कहा था कि उनके और प्रीति जिंटा के बीच सिर्फ अच्छी दोस्ती है और दोनों के रिश्ते को लेकर फैलाई जा रही बातें गलत हैं।
प्रीति जिंटा ने भी किया था खंडन
जब दोनों के अफेयर की चर्चाएं तेज थीं, तब 2010 में प्रीति जिंटा ने भी सोशल मीडिया पर इन अफवाहों का खंडन किया था।
उन्होंने लिखा था कि वह अपनी टीम के किसी खिलाड़ी या किसी क्रिकेटर को डेट नहीं कर रहीं। साथ ही कहा था कि जब वह किसी रिश्ते में होंगी, तो इसकी जानकारी खुद सार्वजनिक करेंगी।
अब कहां हैं ब्रेट ली और प्रीति जिंटा?
प्रीति जिंटा ने 2016 में अपने लंबे समय के दोस्त जीन गुडइनफ से लॉस एंजिलिस में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। 2021 में दोनों सरोगेसी के जरिए जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने। अब वह फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं।
वहीं, ब्रेट ली ने 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 76 टेस्ट मैचों में 310 विकेट और 221 वनडे मैचों में 380 विकेट हासिल किए।

