CBSE Answer Sheet Scan Copy: सीबीएसई ने बढ़ाई स्कैन कॉपी पाने की अंतिम तारीख, अब 24 मई तक करें आवेदन

Thecity news
3 Min Read

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 मई 2026 कर दी है। इससे पहले बोर्ड ने आवेदन की समय सीमा 22 मई से बढ़ाकर 23 मई की थी। शुक्रवार को जारी अधिसूचना में बोर्ड ने बताया कि वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक और अनधिकृत हस्तक्षेप के प्रयासों के चलते पोर्टल प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी, जिसके कारण यह फैसला लिया गया।

सीबीएसई ने कहा कि कोई भी छात्र इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए, इसलिए स्कैन कॉपी प्राप्त करने की समय सीमा बढ़ाई गई है।

स्कैन कॉपी मिलने के बाद मिलेगा दो दिन का समय

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त होने के बाद छात्रों को अंक सत्यापन (Verification) या पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए आवेदन करने हेतु दो दिन का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

दरअसल, इस वर्ष ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर छात्रों और अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद सीबीएसई ने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू की थी।

फीस में भी किया गया बड़ा बदलाव

सीबीएसई ने इस साल शुल्क संरचना में भी संशोधन किया है। पहले जहां स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए छात्रों को 700 रुपये देने पड़ते थे, वहीं अब यह शुल्क घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है।

इसके अलावा:

  • उत्तर पुस्तिका सत्यापन शुल्क: 500 रुपये से घटाकर 100 रुपये
  • पुनर्मूल्यांकन शुल्क: प्रति प्रश्न 25 रुपये

कैसे प्राप्त करें उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी

जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं या अपनी लिखी हुई कॉपियों को देखना चाहते हैं, वे सीबीएसई के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

छात्र इस लिंक के जरिए आवेदन कर सकते हैं:
https://pvr.cbseit.in/pvr/

ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम पर उठे सवाल

पुनर्मूल्यांकन के बाद उत्तर पुस्तिकाएं मिलने पर कई छात्र और अभिभावक ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि:

  • कई स्कैन कॉपियां धुंधली हैं
  • कुछ उत्तरों की जांच ही नहीं हुई
  • पोर्टल पर तकनीकी समस्याएं आ रही हैं

विशेष रूप से फिजिक्स, मैथ्स, अकाउंटेंसी और इकोनॉमिक्स जैसे विषयों में कम अंक और मूल्यांकन विसंगतियों की शिकायतें बढ़ी हैं।

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने जताई नाराजगी

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की है। संगठन का कहना है कि लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंता और अनिश्चितता में हैं।

संगठन ने दावा किया कि कुछ छात्र JEE Main जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं पास करने के बावजूद संबंधित विषयों में फेल हो गए या उन्हें उम्मीद से काफी कम अंक मिले।

Share This Article