स्कूटी को कार से टक्कर मारकर युवक की हत्या, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से किया हमला

Thecity news
2 Min Read

छत्रपति संभाजीनगर में जिम से लौट रहे देवेश उर्फ बंटी दीक्षित पर दिनदहाड़े हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पुराना विवाद था।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में गुरुवार को दिनदहाड़े युवक की हत्या का मामला सामने आया। सिडको के एन-7 इलाके में देवेश उर्फ बंटी दीक्षित की कथित तौर पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पवन पराशर ने पहले अपनी कार से बंटी की स्कूटी को टक्कर मारी और उसके सड़क पर गिरने के बाद हमला किया।

कार से टक्कर मारने के बाद किया हमला

जानकारी के मुताबिक, बंटी जिम से लौट रहा था। इसी दौरान बजरंग चौक के पास आरोपी ने अपनी कार से उसकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बंटी सड़क पर गिर गया और स्कूटी दूर तक घिसटती चली गई।

इसके बाद आरोपी ने कार रोकी और बंटी के पास पहुंचकर उसके सिर और चेहरे पर हॉकी स्टिक तथा लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण बंटी की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद थाने पहुंचा आरोपी

हमले के बाद आरोपी पवन पराशर खुद सिडको पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है। हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी पुलिस के कब्जे में है।

पुलिस के मुताबिक, बंटी और आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुरुआती जानकारी में पुरानी रंजिश और व्यावसायिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

मेस और प्लॉटिंग के कारोबार से जुड़ा था बंटी

बंटी दीक्षित मेस चलाने के साथ-साथ प्लॉटिंग के कारोबार से भी जुड़ा था। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

Share This Article