माता के दर्शन करने जा रहे परिवार की कार ट्रेलर से टकराई, 6 लोगों की मौत

Thecity news
2 Min Read

राजस्थान के चूरू में हुए भीषण हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

राजस्थान के चूरू जिले में तारानगर रोड पर ददरेवा और न्यांगली गांव के पास कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे का शिकार हुआ परिवार चूरू जिले की तारानगर तहसील के सोमसीसर गांव का रहने वाला था। परिवार के सदस्य कार से गुड़गांव में माता के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान सादुलपुर क्षेत्र में उनकी कार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई।

एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए। हादसे में कार सवार छह लोगों की जान चली गई। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

ट्रेलर चालक फरार, पुलिस कर रही जांच

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकलवाया और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article