यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस-सपा के बीच हलचल तेज, सीट बंटवारे पर होने जा रही अहम बैठक

Thecity news
2 Min Read

इमरान मसूद ने कहा कि दोनों दल बेहतर तालमेल के साथ चुनाव लड़ना चाहते हैं, ताकि 2027 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाई जा सके।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बताया कि दोनों दलों की संयुक्त बैठक 23 नवंबर को होगी। इसमें सीटों के बंटवारे और चुनावी तालमेल पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए मिलकर चुनाव लड़ना चाहती हैं।

‘बेहतर तालमेल के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा’

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने कहा कि दोनों दलों की संयुक्त बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। उनका कहना है कि गठबंधन की जीत के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

मसूद ने कहा, “कल हमारी एक बैठक है, जिसमें चर्चा होगी। यह दोनों दलों की संयुक्त बैठक है। हम चाहते हैं कि गठबंधन जीते और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बने। इसके लिए हमें बेहतर तालमेल के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा।”

पहले भी टल चुकी है बैठक

इससे पहले 17 नवंबर को मसूद ने कहा था कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। उन्होंने दो-तीन दिनों में एक और बैठक होने की संभावना जताई थी। हालांकि, नई दिल्ली में मंगलवार को प्रस्तावित दोनों दलों की बैठक टाल दी गई थी।

उस समय मसूद ने बताया था कि दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं की अखिलेश यादव से बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा था कि चर्चा के आधार पर ठोस प्रस्ताव तैयार होने के बाद आगे की तैयारी शुरू की जाएगी। अब दोनों दलों की संयुक्त बैठक 23 नवंबर को प्रस्तावित है।

Share This Article