दो दिनों के भीतर राजपुर, रायपुर और डालनवाला में हुई वारदातों से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
दीपावली के त्योहार के बीच उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दो दिनों के भीतर तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। राजपुर, रायपुर और डालनवाला थाना क्षेत्रों में हुए इन मामलों में पारिवारिक और आपसी विवाद हिंसा में बदल गए। कहीं नशे के लिए रुपये मांगने पर बेटे ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया, तो कहीं दीवार को लेकर हुए विवाद में भांजे की मौत हो गई। वहीं, दोस्त के घर दीपावली मनाने गए 15 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता पर किया हमला
पहली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान की है। यहां सोमवार, 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे नितिन राणा (35) ने अपने पिता मदन राणा (62) पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, नितिन नशे का आदी है। घटना से पहले वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से इनकार किया तो नितिन ने उस पर दरांती से हमला करने की कोशिश की। हालांकि, ऋषभ किसी तरह वहां से भाग निकला।
इसी दौरान मदन राणा बेटे को रोकने और बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इससे नाराज होकर नितिन ने पिता पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
दीवार के विवाद में भांजे की मौत
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला की है। यहां सोमवार शाम दीवार के निर्माण और उसे हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
एसपी ग्रामीण जया बलूनी के मुताबिक, इस दौरान नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित कुमार पर 26 वर्षीय गौरव बागड़ी पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल गौरव को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गौरव आरोपियों का भांजा था। घटना में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
मृतक के भाई करण कुमार की शिकायत पर रायपुर थाने में मुकदमा संख्या 467/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
दीपावली मनाने दोस्त के घर गया था 15 वर्षीय अर्श
तीसरी घटना डालनवाला थाना क्षेत्र की है। यहां 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत के मामले में उसके पिता नदीम अंसारी ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, 8 नवंबर को अर्श अपने दोस्त श्रेयस ममगाईं के बुलाने पर दीपावली मनाने नेहरू कॉलोनी स्थित उसके घर गया था। रात में पिता ने फोन कर अर्श के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि वह सुबह घर लौट आएगा।
अगले दिन परिजनों को सूचना मिली कि अर्श की मौत हो गई है और उसका शव मोर्चरी में रखा है। पिता नदीम अंसारी का आरोप है कि बेटे के शरीर पर चोट और चाकू से वार के निशान थे। उन्होंने श्रेयस और उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पिता की तहरीर पर डालनवाला पुलिस ने मुकदमा संख्या 189/2026 दर्ज किया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों मामलों में अलग-अलग पहलुओं से जांच जारी है।

