दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला इमारत ढही, दो लोगों की मौत; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

Thecity news
4 Min Read

गली शाहतारा स्थित शीश महल में सुबह हुआ हादसा, दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं; आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर उठाए सवाल।

दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गली शाहतारा स्थित शीश महल में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के मुताबिक, इमारत ढहने की सूचना सुबह करीब 9:50 बजे मिली थी। घटनास्थल चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित है। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इमारत निर्माणाधीन थी। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों और अधिकारियों को भी भेजा गया।

मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

दमकल कर्मी मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। हादसे में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हालांकि, मलबे में दबे लोगों की वास्तविक संख्या का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में दुकानें और पुरानी इमारतें हैं। कई इमारतें एक-दूसरे से सटी हुई हैं। ऐसे में इस हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता सरकार पर साधा निशाना

हादसे के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि चावड़ी बाजार में एक और तीन मंजिला इमारत गिर गई है और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। भारद्वाज ने सवाल किया कि दिल्ली की इमारतों का कई बार सुरक्षा ऑडिट कराने के बावजूद ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं।

आप नेता ने आरोप लगाया कि सुरक्षा ऑडिट के आदेश बार-बार दिए गए, लेकिन वास्तविक कार्यवाही के बजाय कई विभागों में रिश्वतखोरी हुई। उन्होंने दावा किया कि पहले दिल्ली पुलिस और एमसीडी पर रिश्वत लेने के आरोप लगते थे, लेकिन रेखा गुप्ता सरकार आने के बाद दमकल विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों पर भी इमारतों से रिश्वत लेने के आरोप हैं।

एमसीडी की कार्यवाही पर भी लगाए आरोप

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रिश्वत देने से इनकार करने वालों के प्रतिष्ठानों को एमसीडी सील कर देती है। उन्होंने निगम पर मनमाने तरीके से कार्यवाही करने का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि ग्रेटर कैलाश-2 (जीके-2) मार्केट के एक वार्ड में दो जिम सील किए गए, जबकि दक्षिणी जोन में दूसरे जिम और व्यावसायिक इमारतें खुली हुई हैं।

Share This Article