छठ से पहले उद्घाटन की तैयारी, सोनिया विहार से जगतपुर तक 30-40 मिनट की होगी यात्रा
दिल्ली में यमुना नदी के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘नमो यमुना-रिवर सफारी’ क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। इसका ट्रायल शुरू हो चुका है और छठ पर्व से पहले उद्घाटन किए जाने की योजना है। जानकारी के मुताबिक, 4 या 5 नवंबर को सेवा की शुरुआत हो सकती है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने क्रूज सेवा के ट्रायल की शुरुआत की। इस पहल से राजधानी में पर्यटन का नया विकल्प मिलने की उम्मीद है।

सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज
‘नमो यमुना-रिवर सफारी’ के तहत क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर के बीच संचालित किया जाएगा। इसकी यात्रा करीब 30 से 40 मिनट की होगी। प्रति व्यक्ति टिकट का किराया 500 रुपये तय किया गया है।
क्रूज सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलाने की योजना है। इसमें एक बार में अधिकतम 30 से 40 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए सोनिया विहार और जगतपुर, दोनों जगह टिकट काउंटर बनाए गए हैं।
परिवार के साथ घूमने का मिलेगा नया विकल्प
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार छठ पर्व से पहले यमुना सफारी का उद्घाटन करना चाहती है। उनके मुताबिक, दूसरे शहरों में नदियों पर नाव की सवारी लोगों को सुकून देती है। इसी तरह दिल्ली में भी लोग क्रूज से यमुना नदी और उसके आसपास के प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।
इस परियोजना को पिकनिक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि परिवार यहां आकर समय बिता सकें। मुख्यमंत्री ने पर्यटन गतिविधियों के साथ यमुना नदी की सफाई और पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई।
रेखा गुप्ता ने इस पहल के लिए केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, पर्यटन विभाग और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के योगदान की सराहना की।

