आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी से बाजार को सहारा मिला, जबकि एशियाई बाजारों में भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई।
धनतेरस के दिन भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को सपाट रुख के साथ कारोबार की शुरुआत की। त्योहार के मौके पर चुनिंदा दिग्गज शेयरों और आईटी सेक्टर में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। हालांकि, कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा।
शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 150 अंक यानी 0.19 फीसदी की बढ़त के साथ 79,460.01 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 50 16.65 अंक यानी 0.07 फीसदी की गिरावट के साथ 24,519.95 पर ट्रेड कर रहा था।
बैंक निफ्टी भी 199.30 अंक यानी 0.34 फीसदी की कमजोरी के साथ 57,574.35 के स्तर पर पहुंच गया।
आईटी शेयरों में शानदार तेजी
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो आईटी शेयरों में निवेशकों की अच्छी खरीदारी देखने को मिली। आईटी इंडेक्स 2.28 फीसदी की तेजी के साथ सबसे आगे रहा। मीडिया सेक्टर में भी 0.17 फीसदी की हल्की बढ़त दर्ज की गई।
दूसरी ओर, मेटल सेक्टर में 2.04 फीसदी, रियल्टी में 1.13 फीसदी, पीएसयू बैंक में 1.15 फीसदी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में 1.13 फीसदी की गिरावट आई। ऑटो सेक्टर भी 0.34 फीसदी नीचे रहा।
टीसीएस और महिंद्रा के शेयरों में बढ़त
शुरुआती कारोबार में कुछ दिग्गज शेयरों ने बाजार को सहारा दिया। टीसीएस का शेयर 2.32 फीसदी की बढ़त के साथ 2,553.60 रुपये पर पहुंच गया।
इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.29 फीसदी, एचसीएल टेक में 2.15 फीसदी, इन्फोसिस में 2.09 फीसदी और भारती एयरटेल में 1.85 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। एचडीएफसी बैंक में 0.92 फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक में 0.67 फीसदी की बढ़त रही।
वहीं, हिंडाल्को में 3.56 फीसदी, श्रीराम फाइनेंस में 2.81 फीसदी, एशियन पेंट्स में 2.57 फीसदी और बजाज फाइनेंस में 1.99 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में भारी गिरावट
वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर एशियाई शेयर बाजारों पर भी पड़ा। एआई सेक्टर में निवेश की रफ्तार धीमी पड़ने और इस क्षेत्र पर सख्त नियमन की आशंकाओं के बीच शुक्रवार को कई प्रमुख एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली हुई।
वॉल स्ट्रीट में टेक्नोलॉजी शेयरों की बड़ी गिरावट का असर दक्षिण कोरिया, जापान और ताइवान के बाजारों पर दिखाई दिया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 8 फीसदी से ज्यादा टूट गया, जिसके बाद कुछ समय के लिए कारोबार रोकना पड़ा। दोबारा कारोबार शुरू होने पर इसमें थोड़ी रिकवरी आई।
जापान का निक्केई करीब 6 फीसदी गिर गया, जबकि ताइवान का प्रमुख शेयर सूचकांक भी 8 फीसदी से अधिक लुढ़क गया।
निवेशकों को आशंका है कि एआई सेक्टर पर बढ़ते नियमन और भविष्य में निवेश घटने से कंपनियों की कमाई और रिटर्न प्रभावित हो सकते हैं।

