ECB नए टेस्ट कोच की तलाश में, द्रविड़ की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर लिया जा सकता है फैसला
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के नए टेस्ट कोच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का नाम भी इस पद के लिए प्रमुख दावेदारों में शामिल है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ फिलहाल फुल-टाइम कोचिंग की जिम्मेदारी लेने के इच्छुक नहीं हैं। माना जा रहा है कि यदि वह इंग्लैंड की टेस्ट टीम से जुड़ते हैं तो ECB उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा मॉडल तैयार कर सकता है, जिससे उन्हें परिवार के साथ अधिक समय बिताने का अवसर मिले।
राहुल द्रविड़ के अलावा जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर और अनुभवी कोच एंडी फ्लॉवर भी इस पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। फ्लॉवर पहले भी इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में टीम टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 तक पहुंची थी।
इसके अलावा ग्लैमॉर्गन के कोच रिचर्ड डाउसन का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के मौजूदा मुख्य कोच माइक हेसन, श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा, इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के नामों पर भी ECB विचार कर रहा है।

