एमसीएक्स पर बुधवार को सोना 0.52 प्रतिशत और चांदी करीब 2 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार करती दिखी।
सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को एक बार फिर तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का भाव 0.52 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा, जबकि चांदी की कीमत में करीब 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
सोना 1.41 लाख रुपये के पार
बुधवार सुबह करीब 10:12 बजे एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना 728 रुपये यानी 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,253 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
सोने ने 745 रुपये की बढ़त के साथ 1,41,270 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार की शुरुआत की। इससे पहले सोमवार को इसका भाव 1,40,525 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबार के दौरान सोने का भाव 1,41,120 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर से बढ़कर 1,41,568 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊंचे स्तर तक पहुंच गया। इस तरह सोमवार के बंद भाव के मुकाबले इसमें अधिकतम 1,043 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
चांदी की कीमत में करीब 3,600 रुपये की तेजी
चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा उछाल देखने को मिला। एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी 3,593 रुपये यानी 1.97 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,86,169 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
चांदी ने 2,838 रुपये की बढ़त के साथ 1,85,414 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार शुरू किया था। सोमवार को इसका भाव 1,82,576 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबार के दौरान चांदी 1,85,290 रुपये प्रति किलोग्राम के निचले स्तर से बढ़कर 1,86,375 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊंचे स्तर तक पहुंच गई। सोमवार के बंद भाव की तुलना में इसमें अधिकतम 3,799 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
सर्राफा बाजार में मंगलवार को क्या थे भाव?
दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 500 रुपये गिरकर 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। वहीं, चांदी का भाव लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बिना बदलाव के 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहा था।
गौरतलब है कि मंगलवार को एमसीएक्स में कारोबार नहीं हुआ था।

