सोने-चांदी में फिर जबरदस्त उछाल, 10 ग्राम सोना ₹1.55 लाख के पार, चांदी ₹2.55 लाख प्रति किलो

Thecity news
4 Min Read

सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर भारी तेजी दर्ज की गई है। वैश्विक बाजारों में तेजी और अमेरिका में महंगाई के आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों की बढ़ती सक्रियता के चलते घरेलू बाजार में भी कीमती धातुओं के दाम बढ़े हैं।

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में रिकॉर्ड गिरावट से सोने और चांदी का आयात महंगा हो गया है। इसका असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है और दोनों धातुएं नए रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रही हैं। आने वाले त्योहारी सीजन को देखते हुए सर्राफा बाजार में मांग और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

सोने का भाव

घरेलू बाजार में 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत में आज जोरदार बढ़ोतरी हुई। कल के बंद भाव 1,52,340 रुपये के मुकाबले आज 2,790 रुपये की तेजी के साथ 24 कैरेट सोने का भाव 1,55,130 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया।

वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,42,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।

चांदी की कीमत में ₹10,100 का उछाल

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सोमवार को एक किलोग्राम चांदी का भाव 2,44,900 रुपये था, जो मंगलवार को बढ़कर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।

यानी सिर्फ एक दिन में चांदी 10,100 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई।

प्रमुख शहरों में सोने के दाम

दिल्ली, लखनऊ, चंडीगढ़ और जयपुर में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,280 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,42,350 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।

मुंबई, कोलकाता, पुणे, नागपुर, बेंगलुरु और हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 1,55,130 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,42,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।

चेन्नई में 24 कैरेट सोने का भाव सबसे ज्यादा 1,55,460 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,42,500 रुपये है। वहीं पटना और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना क्रमशः 1,55,180 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,42,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।

विशेषज्ञों ने बताई आगे की दिशा

एलकेपी सिक्योरिटीज के विश्लेषक जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, कमजोर डॉलर से सोने की कीमतों को सपोर्ट मिला है। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रणव मेर का मानना है कि शॉर्ट टर्म में सोने की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है और यह 1,57,000 रुपये तक पहुंच सकता है।

उन्होंने चांदी के भाव के 2,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने का अनुमान भी जताया है।

वैश्विक बाजार और भू-राजनीतिक तनाव का असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना तेजी के साथ रिकॉर्ड 4,480.90 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है। वहीं हाजिर चांदी भी मजबूती के साथ 66.05 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई है।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण भी निवेशकों का रुझान सोने और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ रहा है।

Share This Article