प्रियदर्शन के फिल्म से अलग होने के बाद अहमद खान ने कहा- ‘फिल्म बनेगी तो मैं किसी न किसी रूप में जरूर इसका हिस्सा रहूंगा।’
अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ का फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म का ऐलान पहले ही हो चुका है, लेकिन निर्माण और अधिकारों को लेकर विवाद के चलते इसकी शुरुआत अब तक नहीं हो पाई है। इसी बीच निर्देशक अहमद खान के एक बयान ने फिल्म को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
हाल ही में प्रियदर्शन ने खुलासा किया था कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के साथ मतभेदों के कारण उन्होंने फिल्म से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने यह भी कहा था कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल के आग्रह पर ही उन्होंने इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का फैसला किया था।
क्या अहमद खान संभालेंगे निर्देशन?
प्रियदर्शन के बाहर होने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या अहमद खान फिल्म का निर्देशन कर सकते हैं। हाल ही में उन्होंने अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी के साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ में काम किया है।
एक इंटरव्यू में अहमद खान ने कहा, “यह ऐसी जगह है, जहां हर कोई होना चाहेगा। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, फिरोज नाडियाडवाला और ‘हेरा फेरी’ एक परिवार की तरह हैं और मैं भी उस सफर का हिस्सा रहा हूं।”
तीनों कलाकारों की टाइमिंग की तारीफ
अहमद खान ने बताया कि उन्होंने इन तीनों कलाकारों के साथ काम करते हुए उनकी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग को करीब से देखा है।
उन्होंने कहा, “मैंने अपना करियर अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ शुरू किया था। जब ये तीनों मेरी फिल्म में थे, तब मैं उन्हें बाबूराव, श्याम और राजू के रूप में नहीं देख रहा था, बल्कि अपनी फिल्म के किरदारों के रूप में देख रहा था। लेकिन जब ये तीनों साथ आते हैं, तो उनकी पहचान अपने आप उन्हीं किरदारों से जुड़ जाती है। उनकी कॉमिक टाइमिंग आज भी वैसी ही है। कई बार मुझे उसे तोड़ना पड़ा और यही हमारी सबसे बड़ी चुनौती थी।”
फिल्म से जुड़े रहने का दिया संकेत
अहमद खान ने आगे कहा, “जब भी ‘हेरा फेरी 3’ बनेगी, मैं किसी न किसी रूप में इसका हिस्सा जरूर रहूंगा। चाहे मैं इसका निर्देशन करूं या नहीं, हम सभी मिलकर इस फिल्म को बनाएंगे।”
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने बेटे अजान खान को फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च करने पर है।
फिलहाल ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर आधिकारिक तौर पर निर्देशन या निर्माण से जुड़ा कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है, लेकिन अहमद खान के बयान के बाद फिल्म को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

