हिमाचल में श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार, 2 की मौत, 7 घायल

Thecity news
2 Min Read

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

दियोटसिद्ध दर्शन के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, निजी बस अमृतसर से श्रद्धालुओं को लेकर बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध और शाहतलाई दर्शन के लिए आई थी। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। शाहतलाई क्षेत्र में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

दो की मौत, सात यात्री घायल

दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में प्रशासन का सहयोग किया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

प्रशासन के मुताबिक, घायलों में तीन की हालत गंभीर है। इनमें से एक घायल को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। चार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज बरसर अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

जिला प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share This Article