IIM UG Admission 2026: अब CAT नहीं, JEE Main और JEE Advanced से भी मिलेगा IIM में दाखिला

Thecity news
3 Min Read

IIM के नए अंडरग्रेजुएट कोर्स शुरू, AI, डेटा साइंस और डिजिटल बिजनेस जैसे आधुनिक विषयों में मिलेगा प्रवेश

नई दिल्ली: अब भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIM) में पढ़ाई के लिए केवल CAT परीक्षा और MBA ही एकमात्र विकल्प नहीं रह गया है। देश के कई प्रमुख IIM ने 12वीं के बाद छात्रों के लिए अंडरग्रेजुएट (UG) प्रोग्राम शुरू किए हैं। इन कोर्सों में मैनेजमेंट के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, डिजिटल बिजनेस और बिजनेस एनालिटिक्स जैसे आधुनिक विषय शामिल किए गए हैं।

खास बात यह है कि कई IIM इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए JEE Main और JEE Advanced के स्कोर को भी स्वीकार कर रहे हैं। इससे इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए IIM में पढ़ाई का नया अवसर खुल गया है।

टेक्नोलॉजी और मैनेजमेंट का मिलेगा कॉम्बिनेशन

इन नए अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम्स में टेक्नोलॉजी और मैनेजमेंट का बेहतर संयोजन देखने को मिलता है। कई संस्थान अपने प्रवेश परीक्षा के साथ JEE Main या JEE Advanced के स्कोर को भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा बना रहे हैं, जिससे छात्रों के लिए करियर के नए विकल्प तैयार हुए हैं।

कौन-सा IIM कौन-सा कोर्स करा रहा है?

IIM लखनऊ

IIM लखनऊ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिजनेस एनालिटिक्स में बीएस (BS) प्रोग्राम शुरू किया है। इसमें प्रवेश JEE Advanced के स्कोर के आधार पर दिया जाता है।

IIM बैंगलोर

IIM बैंगलोर डिजिटल बिजनेस और एंटरप्रेन्योरशिप में तीन वर्षीय ऑनलाइन बीबीए (BBA) प्रोग्राम संचालित कर रहा है। इसमें JEE Main या CUET UG स्कोर स्वीकार किए जाते हैं।

IIM मुंबई

IIM मुंबई ने डिजिटल साइंस और बिजनेस मैनेजमेंट में चार वर्षीय बीएस (BS) प्रोग्राम शुरू किया है। इसमें उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग JEE Main स्कोर के आधार पर होती है, जिसके बाद पर्सनल इंटरव्यू लिया जाता है। पहले बैच में 70 सीटें उपलब्ध हैं।

IIM कोझिकोड

IIM कोझिकोड के बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (BMS) प्रोग्राम में यदि किसी अभ्यर्थी के JEE Main में 80 या उससे अधिक परसेंटाइल या SAT में 1300 से अधिक अंक हैं, तो उसे संस्थान के एप्टीट्यूड टेस्ट से छूट मिल जाती है। हालांकि अंतिम चयन के लिए इंटरव्यू और अन्य चरणों में शामिल होना अनिवार्य है।

IIM संबलपुर

IIM संबलपुर ने डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बीएस (BS) प्रोग्राम शुरू किया है। इसमें JEE Main स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाती है, जिसके बाद इंटरव्यू आयोजित किया जाता है। आवेदन के लिए अधिकतम आयु 20 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

छात्रों के लिए बड़ा अवसर

इन नए अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम्स के जरिए अब 12वीं के बाद ही IIM में पढ़ाई का मौका मिलेगा। विशेष रूप से इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी को साथ लेकर आगे बढ़ने का एक नया विकल्प बनकर उभरा है।

Share This Article