इनकम टैक्स विभाग में 119 पदों पर भर्ती, आवेदन का आज आखिरी मौका

Thecity news
4 Min Read

स्पोर्ट्स कोटा के तहत एमटीएस, टैक्स असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर के पद भरे जाएंगे। चयन खेल उपलब्धियों और योग्यता के आधार पर होगा।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए अहम खबर है। आयकर विभाग के दिल्ली क्षेत्र में स्पोर्ट्स कोटा के तहत 119 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का आज, 10 नवंबर 2026 को आखिरी दिन है। इस भर्ती में 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट उम्मीदवार तक आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी खेल उपलब्धियों, शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।

किन पदों पर कितनी रिक्तियां?

आयकर विभाग की इस भर्ती के तहत कुल 119 पदों को भरा जाएगा। पदों का विवरण इस प्रकार है।

  • मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस): 66 पद
  • टैक्स असिस्टेंट: 44 पद
  • स्टेनोग्राफर ग्रेड-II: 9 पद

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

एमटीएस: उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है।

स्टेनोग्राफर ग्रेड-II: मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में स्टेनोग्राफी टेस्ट भी शामिल होगा। आयु सीमा 18 से 27 वर्ष है।

टैक्स असिस्टेंट: किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। इसके लिए डेटा एंट्री स्किल टेस्ट देना होगा। आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है।

खेल से जुड़ी पात्रता

स्पोर्ट्स कोटा के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का या राष्ट्रीय अथवा इंटर-यूनिवर्सिटी स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने राज्य या विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया होना चाहिए।

आरक्षित वर्गों और खिलाड़ियों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में 5 से 10 वर्ष तक की छूट दी जाएगी।

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन दिया जाएगा।

  • टैक्स असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर: पे लेवल-4, 25,500 से 81,100 रुपये प्रतिमाह।
  • एमटीएस: पे लेवल-1, 18,000 से 56,900 रुपये प्रतिमाह।

कैसे होगा चयन?

इस भर्ती में लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों की खेल उपलब्धियों, शैक्षणिक योग्यता और आयु के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। पद के अनुसार आवश्यक स्किल टेस्ट भी लिया जाएगा।

आज ही ऐसे करें आवेदन

इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट incometaxdelhi.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  2. वेबसाइट के रिक्रूटमेंट सेक्शन में स्पोर्ट्स कोटा भर्ती 2026 का लिंक खोलें।
  3. अपनी बुनियादी जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन करें।
  4. आवेदन फॉर्म में खेल प्रमाणपत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
  5. सभी जानकारियां जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में पदों की पात्रता, खेल उपलब्धियों से जुड़े नियम और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी जरूर जांच लें।

Share This Article