आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में मिला मौका, 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज के पास भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास लिखने का सुनहरा अवसर
भारतीय क्रिकेट टीम के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। आयरलैंड के खिलाफ शुरू हो रही टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए उन्हें पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को खेला जाएगा। यदि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो वह अपने इंटरनेशनल डेब्यू के साथ ही भारतीय क्रिकेट के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
सचिन तेंदुलकर का सबसे युवा भारतीय डेब्यू का रिकॉर्ड खतरे में
भारत के लिए पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने वर्ष 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था।
यदि वैभव सूर्यवंशी 15 साल की उम्र में आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करते हैं, तो वह सचिन का लगभग 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के सबसे युवा पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेटर बन जाएंगे।
डेब्यू टी20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का मौका
भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले टी20 मैच में चार छक्के लगाए थे।
आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले वैभव सूर्यवंशी यदि अपने पहले ही मुकाबले में 5 छक्के जड़ देते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड पर भी कब्जा कर लेंगे।
अजिंक्य रहाणे का डेब्यू पारी का रिकॉर्ड भी टूट सकता है
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अजिंक्य रहाणे के नाम है। उन्होंने वर्ष 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ 39 गेंदों में 61 रन बनाए थे।
अगर वैभव अपने पहले ही मैच में 62 या उससे अधिक रन बना लेते हैं, तो वह रहाणे के इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे।
आयरलैंड में रन बनाने वाले पहले भारतीय टी20 डेब्यूडेंट बनने का मौका
भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक सिद्धार्थ कौल, उमरान मलिक, प्रसिद्ध कृष्णा और रिंकू सिंह ने आयरलैंड की धरती पर टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया है। दिलचस्प बात यह है कि इन चारों में से कोई भी बल्लेबाज अपने पहले मैच में खाता नहीं खोल सका था।
यदि वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिलता है और वह रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह आयरलैंड में अपने पहले टी20 मैच में रन बनाने वाले पहले भारतीय डेब्यूडेंट बन जाएंगे।
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी निशाने पर
आयरलैंड में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। उन्होंने आयरलैंड में ओपनिंग करते हुए कुल 97 रन बनाए हैं।
यदि वैभव सूर्यवंशी अपने पहले ही मुकाबले में ओपनिंग करते हुए 98 रन की पारी खेलते हैं, तो वह आयरलैंड की धरती पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय टी20 ओपनर बन जाएंगे।
सभी की नजरें रहेंगी वैभव सूर्यवंशी पर
महज 15 साल की उम्र में सीनियर भारतीय टीम का हिस्सा बनना ही वैभव सूर्यवंशी के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो उनके पास एक ही मैच में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर होगा। भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें इस युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।

