बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है, जबकि सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा कर दी गई है। भारत को दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलने हैं, जिनकी शुरुआत 15 अगस्त से गॉल में होगी। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के मौजूदा चक्र में मजबूत शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
बुमराह और जडेजा की वापसी
चोट से जूझ रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, बुमराह की उपलब्धता उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी। दोनों खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए इकलौते टेस्ट का हिस्सा नहीं थे।
साई सुदर्शन भी फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन
युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को भी टीम में जगह मिली है, लेकिन उनका चयन भी फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन रखा गया है। पूरी तरह फिट होने के बाद ही वे टीम से जुड़ पाएंगे।
सारांश जैन को पहली बार मिला मौका
इस दौरे की सबसे बड़ी खास बात सारांश जैन का पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में चयन है। 33 वर्षीय सारांश जैन मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के स्पिनर सारांश ने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 188 विकेट लेने के साथ 2,223 रन भी बनाए हैं।
वॉशिंगटन सुंदर बाहर, आकिब नबी डार फिर निराश
चोटिल होने के कारण ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह चयनकर्ताओं ने सारांश जैन पर भरोसा जताया है। वहीं रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को लगातार दूसरी बार टेस्ट टीम में मौका नहीं मिला।
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और सारांश जैन।
श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम
- 15-19 अगस्त: पहला टेस्ट, गॉल (सुबह 10 बजे)
- 23-27 अगस्त: दूसरा टेस्ट, कोलंबो (सुबह 10 बजे)

