पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार चैंपियन बना भारत, पीएम मोदी और अमित शाह ने दी बधाई

Thecity news
3 Min Read

अंडर-19 एशिया कप में ऐतिहासिक जीत के बाद युवा खिलाड़ियों की जमकर सराहना हुई, कई नेताओं ने टीम के प्रदर्शन को बताया प्रेरणादायक।

भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने रिकॉर्ड 9वीं बार टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीती। टीम इंडिया की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने खुशी जाहिर की और युवा खिलाड़ियों को बधाई दी।

पीएम मोदी बोले- युवा खिलाड़ियों पर गर्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार दिन बताया। उन्होंने कहा कि पुरुषों का अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवा क्रिकेटरों पर उन्हें गर्व है।

पीएम मोदी ने कहा कि टीम की यह सफलता देश के दूसरे युवाओं को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

अमित शाह ने बताया गर्व का पल

गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय टीम को रोमांचक जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतने से पूरे देश में खुशी और गर्व का माहौल है।

शाह के मुताबिक, खिलाड़ियों ने मैदान पर अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया। उनका प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट की उत्कृष्टता का उदाहरण है और इससे उभरते हुए क्रिकेटरों को प्रेरणा मिलेगी।

अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी ने भी दी बधाई

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने फाइनल में पाकिस्तान को हराने को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल, दृढ़ता और टीम भावना का प्रदर्शन किया है। भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

वहीं, स्मृति ईरानी ने टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि युवा भारतीय टीम ने रोमांचक फाइनल को यादगार बना दिया। पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनने वाले खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया है।

आखिरी गेंद पर भारत ने हासिल किया लक्ष्य

फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। भारत को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य मिला था। भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और एक विकेट से मुकाबला जीत लिया।

Share This Article