नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया का दबदबा, 255 रन बनाकर कीवियों को 159 पर समेटा
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर भारतीय टीम ने क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया है। इतना ही नहीं, भारतीय टीम बतौर मेजबान टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भी पहली टीम बन गई है। टूर्नामेंट का 10वां संस्करण भारत ने अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से बल्लेबाजी में शानदार शुरुआत देखने को मिली। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.1 ओवर में 98 रन की तूफानी साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप फाइनल में किसी भी बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी बन गई।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन भी शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि हार्दिक पांड्या 18 रन ही बना सके।
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली, जिससे भारत का स्कोर 255 तक पहुंच गया। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। फिन एलन 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने, जबकि रचिन रविंद्र सिर्फ एक रन ही बना सके। ग्लेन फिलिप्स 5 रन पर आउट हुए और मार्क चैपमैन को हार्दिक पांड्या ने 3 रन पर पवेलियन भेज दिया।
डेरिल मिचेल भी 17 रन ही बना सके। टिम सीफर्ट ने जरूर 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहा। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन लगातार गिरते विकेटों के कारण न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई।
भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 2007 और 2024 के बाद तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर टीम इंडिया ने विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा और मजबूत कर दिया है।

